बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. पिछले काफी समय से उनका नाम यूके बेस्ड बिजनेसमैन कबीर बाहिया के साथ जोड़ा जा रहा है. दोनों ने भले ही अपने रिश्ते को लेकर कभी खुलकर बात नहीं की है, लेकिन उनकी साथ में तस्वीरें और सोशल मीडिया एक्टिविटीज अक्सर डेटिंग की खबरों को हवा देती रहती हैं. अब कृति के एक खास बर्थडे पोस्ट ने एक बार फिर फैंस का ध्यान खींच लिया है. इतना ही नहीं, लोग दोनों की शादी को लेकर भी सवाल पूछने लगे हैं.
कृति ने कबीर को बर्थडे विश कर क्या कहा?
दरअसल, 19 नवंबर को कबीर बाहिया का जन्मदिन था. इस मौके पर कृति सेनन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी एक तस्वीर शेयर की. तस्वीर में कबीर सनसेट के खूबसूरत नजारे के बीच पोज देते नजर आए. उनके चेहरे के फनी एक्सप्रेशन ने तस्वीर को और मजेदार बना दिया. इस फोटो के साथ कृति ने लिखा, ‘Happy Birthday Cutie!’ कृति का यह छोटा सा मैसेज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.

फैंस को पसंद आया कृति का अंदाज
फैंस को कृति का यह अंदाज काफी पसंद आया. सोशल मीडिया पर लोग दोनों की जोड़ी पर प्यार बरसाने लगे. एक यूजर ने लिखा कि दोनों एक-दूसरे के लिए ही बने हैं और उनके रिश्ते को करीब तीन साल हो चुके हैं. वहीं, एक दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कबीर कितने खुशकिस्मत हैं. जिन्हें कृति सेनन ‘क्यूटी’ कह रही हैं. कुछ फैंस ने तो सीधे सवाल कर दिया कि आखिर दोनों शादी कब करेंगे.
लंदन से शुरू हुई थी डेटिंग की चर्चा
कृति और कबीर के रिश्ते की खबरें मार्च 2024 में चर्चा में आई थीं. उस दौरान लंदन से दोनों की एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें कृति एक मिस्ट्री मैन का हाथ थामे नजर आई थीं. बाद में उस शख्स की पहचान कबीर बाहिया के रूप में बताई गई. इसके बाद जुलाई 2024 में दोनों के ग्रीस के मायकोनोस में साथ छुट्टियां मनाने की खबरें सामने आईं. बताया गया कि इस दौरान दोनों ने कृति का जन्मदिन भी साथ सेलिब्रेट किया था.
9 साल का है उम्र का फासला
कृति सेनन का जन्म 27 जुलाई 1990 को हुआ था, जबकि कबीर बाहिया ने 19 नवंबर को अपना 27वां जन्मदिन मनाया. इस हिसाब से दोनों के बीच करीब 9 साल का उम्र का अंतर है. कबीर यूके बेस्ड बिजनेसमैन बताए जाते हैं. हालांकि, कृति और कबीर ने अब तक अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है. ऐसे में शादी की खबरों पर भी फिलहाल कोई मुहर नहीं लगी है, लेकिन कृति के इस प्यारे से बर्थडे विश ने फैंस की उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं.