सैफ अली खान के पटौदी पैलेस की शान और वैभव के बारे में तो हर कोई जानता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि नवाब परिवार की एक दूसरी कोठी को भूतिया माना जाता है? इस रहस्य का खुलासा खुद सैफ की बहन सोहा अली खान ने किया था। दरअसल, हरियाणा के पटौदी में स्थित मशहूर पटौदी पैलेस के अलावा नवाब परिवार की एक और संपत्ति है, जिसे “पीली कोठी” के नाम से जाना जाता है। यह कोठी आज खंडहर में तब्दील हो चुकी है और वर्षों से खाली पड़ी है। सोहा अली खान ने अपनी फिल्म ‘छोरी 2’ के प्रमोशन के दौरान बताया था कि पहले उनका परिवार इसी कोठी में रहता था, लेकिन एक रात अचानक सभी लोग वहां से निकल गए और बाद में उस महल में रहने लगे जिसे आज पटौदी पैलेस के नाम से जाना जाता है।
सोहा के मुताबिक, स्थानीय लोगों का मानना है कि पीली कोठी में सुपरनेचुरल शक्तियों का वास था। उन्होंने बताया कि ऐसी कहानियां प्रचलित हैं कि वहां रहने वाले लोगों को अदृश्य ताकतें थप्पड़ मारती थीं और चेहरे पर निशान तक पड़ जाते थे। यहां तक कि उनकी परदादी के साथ भी ऐसा होने का दावा किया जाता है।हालांकि इन घटनाओं की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, लेकिन आज भी पीली कोठी वीरान पड़ी है। यही वजह है कि यह रहस्यमयी कोठी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहती है।