Who is Nitish Rajput?: सलमान खान के विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के 20वें सीजन की तैयारी लगभग पूरी हो गई है और प्रीमियर की तारीख भी नजदीक आ गई है. वहीं, जैसे-जैसे ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर पास आ रहा है, वैसे-वैसे सोशल मीडिया पर शो के संभावित कंटेस्टेंट्स के नाम भी सामने आ रहे हैं. इसी बीच ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट के तौर पर मशहूर यूट्यूबर नीतीश राजपूत का नाम भी सामने आ रहा है. हालांकि, अभी शो के मेकर्स और यूट्यूबर की तरफ से इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन खबरें हैं कि पाकिस्तान में बैन हो चुके नीतीश राजपूत भी ‘बिग बॉस 20’ में हिस्सा ले रहे हैं. चलिए आपको बताते हैं कि नीतीश राजपूत कौन हैं?
पाकिस्तान में बैन हुआ चैनल
नीतीश राजपूत ने मई 2025 में बलूचिस्तान पर एक वीडियो बनाया था, जिसके बाद पाकिस्तान में उनका यूट्यूब चैनल ब्लॉक कर दिया गया. इस बात की जानकारी खुद नीतीश ने दी थी. उन्होंने यूट्यूब के नोटिस का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया था कि पाकिस्तानी सरकार के कहने पर उनके चैनल को पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है.
कौन हैं नीतीश राजपूत?
नीतीश राजपूत भारत के एक सफल और फेमस यूट्यूबर हैं। नितिश यूट्यूब पर आसान भाषा में सामाजिक मुद्दों, करंट अफेयर्स, गवर्नेंस, इतिहास और पब्लिक डिबेट जैसे विषयों पर रिसर्च-बेस्ड वीडियो बनाते हैं. इस समय उनके यूट्यूब चैनल ‘नीतीश राजपूत’ पर 8.55 मिलियन (80 लाख 55 हजार) सब्सक्राइबर्स हैं और उनकी हर एक वीडियो पर औसतन 5 से 35 मिलियन तक व्यूज आते हैं.
आईटी कंपनी में करते थे जॉब
नीतीश राजपूत का जन्म उत्तर प्रदेश के रुद्रपुर में हुआ, जहां उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2013 में एक आईटी कंपनी में जॉब करके की. इसके बाद साल 2020 में उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया. उन्होंने बहुत ही कम समय में अपने चैनल पर 3.5 मिलियन सब्सक्राइबर्स हासिल कर लिए और आज उनकी गिनती बेस्ट और सक्सेसफुल यूट्यूबर्स में होती है.
SSC पेपर से जुड़ा विवाद
नीतीश राजपूत अक्सर अपने वीडियो को लेकर विवादों में घिरे रहते हैं. इस साल फरवरी में SSC एग्जाम प्रोसेस को लेकर उन्होंने एक वीडियो बनाया था, जिसके लिए SSC परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी एडुक्विटी टेक्नोलॉजीज ने उनके खिलाफ 2.5 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया. कंपनी का आरोप था कि उन्होंने वीडियो में लोगों को गुमराह करने वाली जानकारी दी है. वहीं, नीतीश का कहना था कि वीडियो में दी गई जानकारी ऑफिशियल डॉक्यूमेंट्स से ली गई है.