Jay Bhanushali Angry On Bigg Boss 20: सलमान खान का मोस्ट पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ इस समय लगातार अपनी लड़ाई की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है. आए दिन शो में कंटेस्टेंट्स के बीच जबरदस्त लड़ाई देखने को मिल रही है. शो के लेटेस्ट एपिसोड में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला. जहां कैप्टेंसी टास्क के दौरान माही को रुलाने के लिए सभी घरवालों ने काफी कड़वे शब्दों का इस्तेमाल किया. इस दौरान उनकी बेटी तारा का कई बार नाम लिया गया. अब इस मामले पर माही विज के पूर्व पति जय भानुशाली का रिएक्शन सामने आया है. जय ने माही विज का सपोर्ट करते हुए ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट्स की हरकत पर अपना गुस्सा जाहिर किया है.
आगबबूला हुए जय भानुशाली
कैप्टेंसी टास्क के दौरान जब बाकी घरवालों ने माही को रुलाने के लिए उनकी बेटी तारा का नाम लिया, तो इस बात को जय भानुशाली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर पाए. अपना गुस्सा जाहिर करते हुए जय भानुशाली ने एक बड़ा फैसला लिया है. इस मामले पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए जय भानुशाली ने अपने बच्चों की तस्वीर के साथ इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि वह अब अपने बच्चों को बिग बॉस कभी नहीं देखने देंगे.
बस माही को सपोर्ट करूंगा…
जय भानुशाली ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘बिग बॉस में सब कुछ देखने के बाद, एक पिता के तौर पर मैंने यह फैसला लिया है कि मैं अब अपने बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने दूंगा. मैंने तय किया था कि मैं किसी के गेमप्ले पर बात नहीं करूंगा, न ही किसी कंटेस्टेंट के बारे में अपनी कोई राय दूंगा और जहां भी जरूरत होगी, बस माही को सपोर्ट करूंगा. सिर्फ एक टास्क के लिए युंग डीएसए का यह कहना कि मेरे बच्चे बड़े होकर अपनी मां की हरकतों पर शर्मिंदा होंगे; कनिका का यह कहना कि वह कभी माही के बच्चों से नहीं मिलना चाहेगी और लव गिल की मां का मेरी बेटी को बातचीत में घसीटना और यह पूछना कि अगर कोई उनकी बेटी के बारे में ऐसा कुछ कहे तो उन्हें कैसा लगेगा, यह सब बिल्कुल बकवास है.’
अलविदा बिग बॉस 20…
उन्होंने आगे लिखा, ‘तारा अभी 7 साल की बच्ची है, वह बिग बॉस की कंटेस्टेंट नहीं है. किसी को नीचा दिखाने के लिए एक बच्चे को बीच में लाना पूरी तरह से गलत है. सच कहूं तो, हमारे बच्चों को ऐसी चीजों में क्यों घसीटा जा रहा है, जिनसे उनका कोई लेना-देना ही नहीं है? बिग बॉस एक गेम है. आप माही से असहमत हो सकते हैं, उसके गेमप्ले पर सवाल उठा सकते हैं और उसके फैसलों को चुनौती दे सकते हैं, लेकिन उसके बच्चों, उसके मदरहुड और उसकी निजी जिंदगी को इसमें लाना हद पार करने जैसा है. एक पिता के तौर पर मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे इस ट्रॉमा के साथ बड़े हों कि माही को नीचा दिखाने के लिए हर बात में तारा का नाम लिया जाता है. हो सकता है कि दूसरों के लिए यह गेम सिर्फ मनोरंजन हो, लेकिन हमारे लिए यह एक निजी मामला है. मेरे बच्चों की शांति और उनकी मासूमियत हमेशा सबसे ऊपर रहेगी. धन्यवाद. अलविदा बिग बॉस 20.’