Friday, 10 July, 2026

---विज्ञापन---

Back

‘डॉ. आरंभी’ की शूटिंग के बाद घर लौट रहे एक्टर की मौत, पेट्रोल पंप पर गिरे; लंबे वर्किंग आवर्स पर उठे सवाल

'डॉ. आरंभी' के जूनियर कलाकार संजीब सिंह की शूटिंग के बाद घर लौटते समय पेट्रोल पंप पर तबियत बिगड़ने से मौत हो गई. FWICE ने लंबे वर्किंग आवर्स पर सवाल उठाए.

---विज्ञापन---

टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. टीवी सीरियल ‘डॉ. आरंभी’ में जूनियर कलाकार के तौर पर काम कर रहे संजीब सिंह का निधन हो गया. बताया जा रहा है कि शूटिंग खत्म करने के बाद जब वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक पेट्रोल पंप पर उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक गिर पड़े. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें हार्ट अटैक आया था.

कैसे बिगड़ी तबियत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 51 साल के संजीब सिंह रविवार तड़के मुंबई के साकी नाका स्थित एसजे स्टूडियो से शूटिंग खत्म कर घर लौट रहे थे. बताया गया कि उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे शूटिंग शुरू की थी, जो देर रात लगभग 3 बजे तक चली. लंबे समय तक लगातार काम करने के बाद वह अपनी बाइक से घर के लिए निकले, लेकिन रास्ते में पेट्रोल भरवाने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई.

---विज्ञापन---

शूटिंग खत्म कर लौट रहे थे संजीब

FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) के महासचिव अशोक दुबे ने बताया कि शूटिंग के दौरान भी संजीब पूरी तरह ठीक महसूस नहीं कर रहे थे. उन्हें बेचैनी हो रही थी और वह बीच-बीच में आराम भी कर रहे थे. हालांकि, शूटिंग पूरी होने के बाद वह घर के लिए निकल गए, लेकिन रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया.

कोलकाता में रहता है परिवार

संजीब सिंह के परिवार में उनके भाई और बहन हैं, जो कोलकाता में रहते हैं. घटना के बाद उनका पोस्टमार्टम कूपर अस्पताल में कराया गया. FWICE ने उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए कोलकाता भेजने की तैयारी शुरू कर दी है. साथ ही ऑर्गेनाइजेशन ने शो के प्रोडक्शन हाउस से परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी अपील की है.

---विज्ञापन---

क्या कहना है अशोक दुबे का?

अशोक दुबे का कहना है कि प्रोडक्शन हाउस की जिम्मेदारी सिर्फ शूटिंग पूरी कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और देर रात घर लौटने की व्यवस्था पर भी गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है.

कलाकारों की हेल्थ को लेकर फिर उठे सवाल

संजीब सिंह की मौत के बाद एक बार फिर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में लंबे वर्किंग आवर्स और कलाकारों की सेहत को लेकर बहस तेज हो गई है. FWICE का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों से शूटिंग सेट पर हेल्थ चेकअप कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां कलाकारों और टेक्नीशियनों का ब्लड प्रेशर चेक किया जाता है और जरूरत पड़ने पर मेडिकल सलाह भी दी जाती है.

---विज्ञापन---

परिवार कर सकता है इस चीज की मांग

बहरहाल, संजीब सिंह की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी. वहीं, FWICE उनके परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर भी जल्द प्रोडक्शन हाउस से बातचीत कर सकता है.

First published on: Jul 10, 2026 04:33 PM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola