---विज्ञापन---
POCSO केस में रोहित चंदेल गिरफ्तार, को-स्टार का चौंकाने वाला खुलासा
Rohit Chandel Arrest: टीवी एक्टर रोहित चंदेल इन दिनों अपनी एक्टिंग नहीं, बल्कि कानूनी विवाद की वजह से सुर्खियों में हैं. 'पांड्या स्टोर' और 'सैराब' जैसे शोज में नजर आ चुके रोहित को 16 साल की एक नाबालिग लड़की की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उन पर पीछा करने, परेशान करने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामले में POCSO Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
को-स्टार का खुलासा
इस पूरे मामले पर रोहित की 'सैराब' को-स्टार किशोरी शाहणे का बयान भी चर्चा में है. शो में उनकी ऑनस्क्रीन मां का किरदार निभा रहीं किशोरी ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार रोहित की गिरफ्तारी की खबर देखी तो उन्हें लगा कि यह शो के प्रमोशन के लिए किया गया कोई PR स्टंट है.
शो में चल रहा ऐसी ट्रैक
किशोरी ने बताया कि 'सैराब' में इन दिनों भी कुछ ऐसा ही ट्रैक चल रहा है, जिसमें रोहित के किरदार ईशान पर एक नाबालिग लड़की आरोप लगाती है. इसी वजह से उन्हें शुरुआत में लगा कि खबर शो की कहानी से जुड़ा प्रचार है. लेकिन बाद में जब पता चला कि मामला असली है तो वह भी हैरान रह गईं. उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल पूरे मामले की जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहतीं.
शो की जारी है शूटिंग
किशोरी ने यह भी बताया कि दो दिन पहले तक रोहित शो की शूटिंग कर रहे थे. उनकी गिरफ्तारी के बाद भी फिलहाल 'सैराब' की शूटिंग जारी है और मेकर्स हालात को संभालने की कोशिश कर रहे हैं.
क्या कहती है रिपोर्ट्स?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 16 साल की लड़की ने आरोप लगाया है कि रोहित लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे. शिकायत में यह भी कहा गया है कि 5 जुलाई को रोहित उसके घर के पास पहुंचे, उसका पीछा किया, बहस की, गालियां दीं और कथित तौर पर मारपीट भी की.
क्या कहती है पुलिस जांच?
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि रोहित और शिकायतकर्ता पहले से एक-दूसरे को जानते थे. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और रोहित को उनके घर से गिरफ्तार कर विशेष POCSO कोर्ट में पेश किया.
पुलिस हिरासत में रोहित
कोर्ट ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर बनी हुई है. वहीं, इस खबर के सामने आने के बाद टीवी इंडस्ट्री और फैंस के बीच भी काफी हलचल देखने को मिल रही है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.