---विज्ञापन---
‘कश्मीरा मेरे पैरों में गिर गई…’ Lock Upp 2 में सुनीता आहूजा ने बताया कैसे खत्म हुआ भांजे कृष्णा संग विवाद
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा हाल ही में रियलिटी शो 'लॉक अप 2: सच या सजा' में नजर आई हैं। शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और परिवार से जुड़े कई खुलासे किए। पहले एपिसोड में उन्होंने गोविंदा के कथित अफेयर्स पर भी बात की। वहीं, अब उन्होंने अपने भांजे कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह के साथ सालों पुराने विवाद के खत्म होने की कहानी भी साझा की।
कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा से सुलह के बारे में बोलीं सुनीता
दरअसल, 'लॉक अप 2: सच या सजा' में सुनीता आहूजा, माधुरी ग्रोवर और आकांक्षा चौधरी आपस में बातचीत कर रही थीं. इसी दौरान दोनों ने सुनीता से पूछा कि आखिर कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह के साथ उनकी सुलह कैसे हुई.
सुनीता ने बताया कैसे हुई कृष्णा और कश्मीरा से सुलह
इस पर सुनीता ने कहा, "मैं 'लाफ्टर शेफ्स' पर गई थी, वहीं करीब 14-15 साल बाद कृष्णा और मेरा पैच-अप हुआ. मैंने उसके बच्चों को भी नहीं देखा था. अब वे 9 साल के हो चुके हैं, जबकि मैंने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया है. लेकिन कश्मीरा बहुत प्यारी लड़की है. उसने रोते हुए मुझसे माफी मांगी. उसे देखकर मैं भी भावुक हो गई. करीब 14 साल बाद मैंने उन दोनों को देखा. कश्मीरा मेरे पैरों पर गिर गई और बोली, 'सॉरी, मुझसे गलती हो गई.' इसके बाद वह रोने लगी."
कैसे शुरू हुआ था गोविंदा-सुनीता संग कृष्णा और कश्मीरा का विवाद
बता दें कि कृष्णा अभिषेक और गोविंदा के बीच विवाद तब शुरू हुआ था, जब कृष्णा ने एक टीवी शो में गोविंदा पर मजाक किया था, जो अभिनेता को पसंद नहीं आया. इसके बाद गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने भी उनसे दूरी बना ली. वहीं, कश्मीरा शाह के एक ट्वीट को लेकर भी सुनीता नाराज हो गई थीं. ट्वीट में पैसे लेकर डांस करने का जिक्र था, जिसे सुनीता ने गोविंदा से जोड़कर देखा था.
समय के साथ बढ़ गया था गोविंदा-कृष्णा का विवाद
समय के साथ यह विवाद और बढ़ता गया. कृष्णा ने भी आरोप लगाया था कि उनके बच्चों के जन्म के बाद गोविंदा उन्हें अस्पताल में देखने नहीं पहुंचे थे. वहीं, गोविंदा ने भी कृष्णा पर बेईमानी का आरोप लगाया था. हालांकि, रिश्तों में सुधार की शुरुआत तब हुई, जब गोविंदा को गलती से अपने पैर में गोली लग गई थी. उस दौरान कृष्णा और कश्मीरा उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे.
'लॉक अप 2' में नजर आ रहे ये कंटेस्टेंट
बता दें कि 'लॉक अप 2: सच या सजा' में सुनीता आहूजा के अलावा राम कपूर, शिवांगी जोशी, हर्षद चोपड़ा, योगेश रावस, रियाज अली, आकांक्षा चौधरी, आकांक्षा चमोला, श्रेया कालरा, श्रेष्ठा अय्यर और सूफी मोतीवाला भी नजर आ रहे हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.