Toxic A Fairy Tale for Grown Ups: यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ का दूसरा टीजर रिलीज हो गया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है, इसमें वूमेन पावर की जबरदस्त एंट्री दिखाई गई, जिसमें कियारा आडवाणी का कातिलाना अंदाज, तो नयनतारा के एक्शन अवतार ने लोगों के होश उड़ा दिए. फिल्म का नया टीजर रिलीज 1 मिनट 41 सेकेंड का है, जो एक्शन से ज्यादा अपने डार्क माहौल, स्टाइलिश विजुअल्स और दमदार महिला स्टारकास्ट की वजह से चर्चा में है.
टॉक्सिक का धांसू टीजर रिलीज
टीजर की शुरुआत किसी धमाकेदार फाइट सीन से नहीं होती, बल्कि एक अनोखे डिस्क्लेमर से होती है. स्क्रीन पर लिखा आता है, ‘बच्चों… दूर रहो. माता-पिता… सुनिश्चित करें कि आपके बच्चे दूर रहें. दादा-दादी… सुनिश्चित करें कि आपके बच्चों के बच्चे भी दूर रहें. परदादा-परदादी… अब यह आपका जोखिम है.’ इस चेतावनी से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म का कंटेंट काफी डार्क और इंटेंस होने वाला है.
यश का रफ और स्टाइलिश अवतार
इसके बाद यश अपने रफ और स्टाइलिश अवतार में नजर आते हैं. दमदार एक्शन, शानदार सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक टीजर को और भी प्रभावशाली बनाते हैं. हालांकि मेकर्स ने कहानी की ज्यादा जानकारी नहीं दी है, लेकिन सस्पेंस को बरकरार रखते हुए दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है.
टीजर की सबसे बड़ी खासियत
टीजर की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार महिला स्टारकास्ट है. इसमें कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत की झलक दिखाई गई है. सभी एक्ट्रेसेस अलग-अलग और बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आती हैं, जिससे साफ है कि फिल्म में उनके किरदार भी काफी अहम होने वाले हैं. सोशल मीडिया पर फैंस इन सभी लुक्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
टीजर ने इंटरनेट पर काटा गदर
फिल्म का डायरेक्शन गीतू मोहनदास ने किया है. ‘टॉक्सिक’ एक बड़े बजट की पैन इंडिया फिल्म है, जिसे कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा. पहले यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बदल दी गई. इसके बाद भी कुछ परिस्थितियों के चलते फिल्म को एक बार फिर टालना पड़ा.
कब रिलीज होगी फिल्म?
अब मेकर्स ने नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. यश की यह मच अवेटेड फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. टीजर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद माना जा रहा है कि ‘टॉक्सिक’ इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक साबित हो सकती है.