Sunday, 30 August, 2026

---विज्ञापन---

Back

‘मैं मारपीट के निशान मेकअप से छुपाती..’ पिछली शादी में घरेलू हिंसा से टूट गई थीं काम्या पंजाबी, छलका दर्द

काम्या पंजाबी ने हाल ही में अपनी पहली शादी के बारे में बात की है. उन्होंने अपने साथ हुई घरेलू हिंसा के बारे में बात की. साथ ही ये भी बताया कि वह मारपीट के निशान मेकअप से छिपाया करती थीं और घंटों रोती रहती थीं.

टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी अक्सर ही खबरों में बनी रहती हैं. वह किसी न किसी कारण लोगों के बीच चर्चा में बनी रहती है. एक्ट्रेस ने दो शादियां की है और उनकी पहली शादी काफी दर्द भरी रही. अपनी पहली शादी में घरेलू हिंसा के शिकार होने को लेकर एक्ट्रेस ने कई बार खुलकर बात की है. वहीं, हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि वह मारपीट के निशान मेकअप से छुपाती थीं.

अपनी पहली शादी पर बोलीं काम्या पंजाबी

दरअसल, हाल ही में काम्या पंजाबी सिद्धार्थ कन्नन के साथ पॉडकास्ट में पहुंची थी. इस दौरान उन्होंने अपनी पहली शादी के बारे में बात की. इतना ही नहीं घरेलू हिंसा के बाद उनकी हालत कैसी हो गई थी इस बारे में भी बताया. एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि उनकी फैमिली शादी के खिलाफ थी, लेकिन उसके बाद भी उन्होंने शादी कर ली थी.

---Advertisement---

पेरेंट्स के खिलाफ जाकर काम्या ने की थी शादी

एक्ट्रेस ने कहा, "हमारी शादी से पहले भी एक दूसरे से नहीं बनती थी. हमें तभी समझ जाना चाहिए था कि ये रिश्ता सही नहीं है. मेरे पेरेंट्स ने भी मुझे समझाया था, लेकिन पहला प्यार ऐसा होता है कि आपको लगता है कि यही वो इंसान है. मैं उनकी बात नहीं सुनना चाहती थी. मैंने अपनी शादी बचाने की पूरी कोशिश की. लोग कहते हैं कि मैंने 13 साल बर्बाद कर दिए, लेकिन मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. मैंने इस रिश्ते को बचाने के लिए सब कुछ दिया, ताकि बाद में मुझे ये अफसोस न हो कि मैंने कोशिश नहीं की."

मारपीट से छिपाती थी मारपीट के निशान

एक्ट्रेस ने घरेलू हिंसा को लेकर भी बात की. उन्होंने बताया कि कई बार मारपीट के निशान मेकअप से छुपाया करती थीं. उन्होंने कहा, "मैं घरेलू हिंसा से गुजर चुकी हैं. एक वक्त ऐसा था जब बाहर जाने से पहले मैं चेहरे पर मेकअप करती थी, ताकि निशान दिखाई न दें." उन्होंने इस बीच एक अवॉर्ड शो का किस्सा सुनाया, जब उन्हें मेकअप करके पहुंचना पड़ा था. उन्होंने कहा, "मुझे याद है कि एक बार मैं अवॉर्ड लेने गई थी और मुझे खुद पर शर्म आ रही थी. मैं सोच रही थी कि मैं कौन हूं और क्या कर रही हूं? घर में मेरे साथ मारपीट हो रही थी और मैं बाहर अवॉर्ड लेने जा रही थी. मैं ऐसी जिंदगी क्यों जी रही थी? मैं किसे कुछ साबित करना चाहती थी?"

---Advertisement---

घंटों रोया करती थीं काम्या

एक्ट्रेस ने इस दौरान ये भी कहा कि वह घंटों रोया करती थीं. उन्होंने कहा, "मैं कई बार बाथरूम में खुद को बंद करके घंटो रोती थीं. कई बार पूरी रात रोते हुए निकल जाती थी. एक कॉमेडी शो की रिहर्सल के दौरान भी मैं चेहरे के निशान छिपाने के लिए ज्यादा मेकअप करके पहुंचती थी. सब लोग सोचते थे कि मैं रिहर्सल के लिए इतना मेकअप क्यों कर रही हूं. मैं अपनी वैनिटी वैन में बहुत रोती थी. मैं 24 घंटे एक्टिंग कर रही थी. किसी को नहीं पता था कि मेरी लाइफ में क्या चल रहा है."

फोन पर होते थे कई सवाल

काम्या ने ये भी बताया कि उनपर एक्टिंग छोड़ने का भी दबाव बनाया गया. हालांकि उन्होंने कभी भी एक्टिंग नहीं छोड़ी. एक्ट्रेस ने बताया, "वो चाहते थे कि मैं काम छोड़ दूं, लेकिन मैंने कहा कि मैं अपना काम नहीं छोड़ूंगी. मैं क्यों छोड़ू? मुझे अपने पेरेंट्स और परिवार को सपोर्ट करना था. मेरे काम, कपड़ों और मेरे साथ मौजूद लोगों को लेकर भी मुझसे सवाल किए जाते थे. अगर वो हर 1- मिनट में फोन करते और मैं फोन नहीं उठाती तो सवाल होते थे कि मैंने फोन क्यों नहीं उठाया. कौन है तुम्हारे साथ? क्या चल रहा है? यहां तक कि मैं क्या पहन रही हूं. इस पर भी कई सवाल होते थे. फोन कॉल्स और सवालों से परेशान हो गई थी कि एक दिन फोन तोड़ दिया था. मुझे लगा कि कम से कम कॉल तो बंद होंगे और सवालों के जवाब नहीं देने होंगे. मैंने फोन जमीन पर गुस्से में फेंका और तोड़ दिया और पैरों से कुचल दिया."

---Advertisement---

बेटी के रोने के बाद काम्या ने छोड़ दिया था घर

एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी शादी में दिक्कतों के बारे में वह तब ज्यादा समझ पाईं, जब उनकी बेटी ने उन्हें लड़ते हुए देखा. बेटी इस दौरान रोने भी लगती थीं. उन्होंने कहा, "एक वक्त ऐसा आया जब मेरी बेटी ने हमें लड़ते हुए देख लिया और वो रोने लगी. उसी वक्त मैंने तय किया कि अब ऐसा नहीं चलेगा. मैं ये नहीं चाहती थी." एक्ट्रेस ने बताया कि इसके बाद उन्होंने घर छोड़ दिया और उन्होंने तलाक ले लिया. एक्ट्रेस ने दूसरी शादी शलभ डांग से 2020 में की.

First published on: Aug 29, 2026 09:38 AM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola