---विज्ञापन---
Maa Inti Bangaram OTT Release: बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ कमाने के बाद इस OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देगी सामंथा की फिल्म, जानें कब होगी रिलीज
Maa Inti Bangaram OTT Release: बी. वी. नंदिनी रेड्डी के निर्देशन में बनी सामंथा रुथ प्रभु स्टारर फिल्म 'मां इंति बंगारम' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. इतना ही नहीं, यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फीमेल-लीड तेलुगु फिल्म बन गई है. साथ ही यह सामंथा के करियर की सबसे बड़ी सोलो हिट फिल्म भी साबित हुई है. अब सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद यह ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है.
'मां इंति बंगारम' की ओटीटी रिलीज डिटेल्स आई सामने
दरअसल, 'मां इंति बंगारम' की ओटीटी रिलीज को लेकर हाल ही में बड़ा अपडेट सामने आया है. इसकी आधिकारिक घोषणा खुद स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और सामंथा के प्रोडक्शन बैनर ने की है.
'मां इंति बंगारम' इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज
यह फिल्म सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी. दर्शक इसे 17 जुलाई 2026 से देख सकेंगे. हालांकि, फिलहाल यह फिल्म सिर्फ तेलुगु भाषा में उपलब्ध होगी. इसके हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ डब वर्जन की अभी घोषणा नहीं की गई है.
'मां इंति बंगारम' ने दुनिया भर में कमाए 100 करोड़
बता दें कि 'मां इंति बंगारम' ने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. इसकी जानकारी खुद सामंथा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनके पति राज निदिमोरू उन्हें आईपैड देते हुए बताते हैं कि फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. यह सुनकर सामंथा खुशी से झूम उठती हैं.
'मां इंति बंगारम' को लेकर सामंथा ने जाहिर की खुशी
इसके बाद सामंथा ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "बंगारम के बारे में सोचते हुए मुझे सिर्फ एक बात की चिंता थी—क्या लोग इस फिल्म के बारे में बात कर रहे थे? क्या हम जो प्रमोशनल कंटेंट साझा कर रहे थे, वह लोगों तक पहुंच रहा था? क्या उन्हें पता था कि ऐसी कोई फिल्म भी है? मेरे एक दोस्त ने एक बी-ग्रेड सिनेमाघर के एग्जिबिटर को फोन किया. उसे पता नहीं था कि मैं यह सब सुन रही थी. मेरे दोस्त ने पूछा, 'मां इंति बंगारम के बारे में आपका क्या विचार है? आपको क्या लगता है कि यह कितनी कमाई के साथ ओपनिंग करेगी?' एग्जिबिटर ने बिना झिझक जवाब दिया, 'कोई हीरोइन-प्रधान फिल्म क्यों देखेगा? अगर वह किसी बड़े हीरो की फिल्म में हो, तो ठीक है. लोग उन्हें सिर्फ ग्लैमर के लिए जानते हैं, लेकिन हीरोइन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म? कौन देखेगा? कोई नहीं.' लेकिन हमारे लिए यह सफल रही. मुझे उम्मीद है कि अगली बार जब कोई बी-ग्रेड या सी-ग्रेड फिल्म एग्जिबिटर से महिला-प्रधान फिल्म के बारे में पूछेगा, तो जवाब तुरंत 'ना' नहीं होगा."
क्या है 'मां इंति बंगारम' की कहानी?
फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने अतीत को छुपाते हुए एक शांत पारिवारिक जीवन जीने की कोशिश करती है. कभी एक ट्रेंड किलर रही स्वर्ण को अपने पुराने दुश्मनों के लौट आने के बाद कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. इस दौरान उसके अपनों की जान भी खतरे में पड़ जाती है. फिल्म में सामंथा के अलावा गुलशन देवैया, दिगंत मनचले, गौतमी, श्रीमुखी और आनंद भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. फिल्म की कहानी सामंथा के पति राज निदिमोरू ने तैयार की है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.