---विज्ञापन---
Baahubali 3: क्या फिर गूंजेगा ‘कटप्पा’ और ‘महिष्मति’ का नाम? ‘बाहुबली 3’ को लेकर आया बड़ा अपडेट
Baahubali 3: 'बाहुबली' एक बार फिर सिनेमाघरों में गर्दा उड़ाने को आ रही है. हाल ही में सामने आए एक वीडियो ने एक बार फिर 'बाहुबली 3' को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इस क्लिप ने फैंस की उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं कि भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट सकती है.
क्या बोले राणा?
दरअसल, यह वीडियो 'बाहुबली: द टॉर्चबियरर' नाम की एक डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा बताया जा रहा है. वीडियो में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी साथ नजर आते हैं. बातचीत के दौरान राणा कुछ ऐसा कहते हैं, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वह कहते हैं, 'मुझे नहीं पता कि मुझे यह बात सबके सामने कहनी चाहिए या नहीं, लेकिन दुनिया शायद अभी तैयार नहीं है... 'बाहुबली' जरूर आएगी...' इतना कहकर वह रुक जाते हैं.
प्रभास का इशारा
राणा की बात खत्म होते ही प्रभास मुस्कुराते हुए अपनी तीन उंगलियां दिखाते हैं. प्रभास का यह इशारा देखते ही वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे सीधे-सीधे 'बाहुबली 3' का हिंट मान लिया. वीडियो के आखिर में लिखा दिखाई देता है, 'और यह विरासत जारी है!', जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया.
मेकर्स का क्या कहना?
हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक 'बाहुबली 3' को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. न ही यह साफ किया गया है कि अगर प्रोजेक्ट बनता है तो वह फिल्म होगी, वेब सीरीज होगी या किसी दूसरे फॉर्मेट में दर्शकों के सामने आएगा. फिलहाल पूरी चर्चा सिर्फ वायरल वीडियो और उसमें दिए गए इशारों के आधार पर हो रही है.
'बाहुबली' फ्रेंचाइजी ने बनाए रिकॉर्ड
बता दें कि 'बाहुबली' फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में 'बाहुबली: द बिगिनिंग' से हुई थी. इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए. इसके बाद 2017 में रिलीज हुई 'बाहुबली: द कन्क्लूजन' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया. फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1788 करोड़ रुपये की कमाई की और आज भी यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में गिनी जाती है.
फैंस की एक्साइटमेंट हाई
फिल्म की भव्य कहानी, शानदार विजुअल्स और दमदार किरदारों ने प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी को पैन इंडिया सुपरस्टार बना दिया. अब फैंस की नजरें मेकर्स पर टिकी हैं. अगर 'बाहुबली 3' को लेकर जल्द कोई आधिकारिक ऐलान होता है, तो यह निश्चित रूप से भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी घोषणाओं में से एक साबित हो सकती है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.