---विज्ञापन---
Michael Jackson की मौत के बाद अकेला पड़ गया था उनका ये साथी, आज हो चुकी है ऐसी हालत
किंग ऑफ पॉप माइकल जैक्सन (Michael Jackson) की जिंदगी पर बनी फिल्म 'माइकल' (Michael) एक बार फिर सुर्खियों में है. इस फिल्म में उनकी पर्सनल लाइफ के कई दिलचस्प पहलुओं को दिखा गया है, जिनमें एक खास नाम है, बबल्स... भले ही फिल्म में बबल्स को CGI के जरिए दिखाया गया हो, लेकिन असल जिंदगी में ये खास साथी आज भी जिंदा है.
बबल्स कोई आम जानवर नहीं, बल्कि माइकल जैक्सन का बेहद करीबी पालतू चिंपैंजी था. 1980 के दशक में बबल्स अकसर माइकल के साथ नजर आता था. वो उनके साथ रिकॉर्डिंग स्टूडियो, इवेंट्स और यहां तक कि फोटोशूट्स में भी शामिल होता था. दोनों की बॉन्डिंग इतनी खास थी, कि बबल्स दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया था.
माइकल जैक्सन ने बबल्स को 1980 में टेक्सास की एक रिसर्च फैसिलिटी से लिया था. वो उसे अपने परिवार के सदस्य की तरह रखते थे, और ज्यादातर उसे अपने साथ ही रखते थे, लेकिन वक्त के साथ बबल्स बड़ा होता गया और उसकी देखभाल करना मुश्किल होने लगा.
आखिरकार 2005 में बबल्स को फ्लोरिडा के ग्रेट एप्स केंद्र में शिफ्ट कर दिया गया. ये वही जगह है, जहां आज वो सुरक्षित और शांत जीवन जी रहा है. खास बात यह है, कि माइकल जैक्सन की एस्टेट आज भी बबल्स की देखभाल का पूरा खर्च उठाती है.
आज बबल्स करीब 43 साल का हो चुका है. भले ही वो उम्रदराज हो गया हो, लेकिन उसके व्यवहार में अब भी शांति और समझदारी झलकती है. सेंटर के केयरटेकर बताते हैं, कि बबल्स को पेंटिंग करना बेहद पसंद है. वह घंटों कैनवास के साथ समय बिताता है, और तभी रुकता है. जब उसे लगता है, कि उसकी पेंटिंग पूरी हो गई है.
माइकल जैक्सन के निधन के बाद भले ही बबल्स उनकी दुनिया से दूर हो गया, लेकिन उसकी यादें अब भी जिंदा हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, माइकल की बहन ला टोया जैक्सन भी उससे मिलने जाती हैं. बहरहाल, एक समय मीडिया की सुर्खियों में रहने वाला बबल्स आज भीड़-भाड़ से दूर अपने जैसे साथियों के बीच सुकून भरी जिंदगी जी रहा है.