---विज्ञापन---
The Odyssey समेत सिनेमाघरों पर दस्तक देंगी ये 3 फिल्में, 17 जुलाई को बॉक्स ऑफिस पर काटेंगी गदर
नए हफ्ते की शुरुआत हो चुकी है और हर सप्ताह बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्में रिलीज होती हैं. इस हफ्ते भी सिनेमाघरों में कई फिल्में दस्तक देने वाली हैं. 17 जुलाई 2026 को चार बड़ी फिल्में रिलीज होंगी. इस हफ्ते लेखक-निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' से लेकर आर. माधवन की 'G.D.N' तक कई फिल्मों का दर्शकों को इंतजार है. आइए जानते हैं इस हफ्ते रिलीज होने वाली फिल्मों के बारे में.
'द ओडिसी'
सबसे पहले बात करते हैं लेखक-निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' की. यह एक फैंटेसी-एक्शन फिल्म है, जो प्राचीन ग्रीक महाकाव्य 'ओडिसी' पर आधारित है. फिल्म की कहानी ग्रीक नायक ओडिसियस की है, जो ट्रोजन युद्ध के बाद अपने घर लौटने की लंबी और रोमांचक यात्रा पर निकलता है. फिल्म में मैट डेमन ओडिसियस की भूमिका निभा रहे हैं. इसके अलावा टॉम हॉलैंड, रॉबर्ट पैटिनसन, लुपिता न्योंगो, सामंथा मॉर्टन, ज़ेंडाया, ऐनी हैथवे और चार्लीज़ थेरॉन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. 'द ओडिसी' को क्रिस्टोफर नोलन और उनकी पत्नी एम्मा थॉमस ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'सिंकोपी' के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 17 जुलाई को अंग्रेज़ी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु डब वर्जन में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
'महाप्रभु जगन्नाथ'
दूसरी फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' है, जिसे साल 2026 की मोस्ट अवेटेड एनिमेटेड फिल्मों में से एक है. यह फिल्म भगवान जगन्नाथ के जीवन और आस्था पर आधारित है, जिसका निर्देशन श्रीपाद वारखेडंकर ने किया है. फिल्म की कहानी 'अहम्' नाम के एक राक्षस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भक्तों को एक जादुई दुनिया में फंसा देता है. इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलराम और गरुड़ भक्तों को बचाने के लिए कई लोकों की यात्रा करते हैं. फिल्म में भक्ति, आस्था और रोमांच का अनोखा संगम देखने को मिलेगा. यह 17 जुलाई को हिंदी, तेलुगु और उड़िया भाषा में रिलीज होगी.
'G.D.N'
तीसरे नंबर पर 'G.D.N' है, जिसका निर्देशन कृष्णकुमार रामाकुमार ने किया है. यह फिल्म मशहूर भारतीय आविष्कारक जी. डी. नायडू के जीवन पर आधारित है, जिनकी भूमिका आर. माधवन निभा रहे हैं. फिल्म में दिखाया गया है कि वह किस तरह ब्रिटिश हुकूमत से टकराते हैं, जो उनके आविष्कारों को दबाने की कोशिश करती है. फिल्म में जी. डी. नायडू के संघर्ष, करियर और निजी जिंदगी को पर्दे पर दिखाया गया है. इसमें सत्यराज, प्रियामणि, जयराम और दुशारा विजयन जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. यह फिल्म 17 जुलाई को तमिल में रिलीज होगी, जबकि हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में डब वर्जन के साथ पूरे भारत में रिलीज होगी.
'रहूं मैं तेरे रूबरू'
आखिर में बात करते हैं फिल्म 'रहूं मैं तेरे रूबरू' की. यह एक साइकोलॉजिकल सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म है. इसकी कहानी एक ब्लॉगर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो छुट्टियां मनाने निकलता है. हालांकि, इस दौरान उसके साथ ऐसी घटनाएं घटती हैं, जिससे उसकी पूरी जिंदगी बदल जाती है. उसे पता चलता है कि उसका जुड़वा भाई उसे एक हत्या के मामले में फंसा देता है और उसकी गर्लफ्रेंड का अपहरण कर लेता है. फिल्म में आर्या कुमार, नीता शेट्टी और पीहू बिस्वास अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. यह फिल्म 17 जुलाई को हिंदी भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.