---विज्ञापन---
Bollywood Remakes: एक दूसरे की कॉपी निकली ये 5 बॉलीवुड फिल्में, टाइटल कहानी सब एक जैसी
Bollywood Remakes: आज हम आपके लिए बॉलीवुड की कुछ ऐसी फिल्में लेकर आए हैं, जिन्हें समय के साथ आधुनिकता से फिर बनाया गया. कुछ ऐसी क्लासिक फिल्में जिनके रीमेक को भी दर्शकों ने खूब सराहा.
Bollywood Remakes: क्लासिक कहानियां कभी पुरानी नहीं होती. सिनेमा ने हमेशा से ही पुरानी कहानियों से दर्शकों का मनोरंजन किया है. एक जैसी कहानियों पर अलग-अलग फिल्में हमेशा से बनती आई हैं. समय के साथ दर्शकों ने इन फिल्मों की कहानी को खूब पसंद किया और सराहा. मॉडर्न अप्रोच और एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ पेश की गईं क्लासिक कहानियों ने एक बार फिर सबका दिल जीत लिया. आज हम आपके लिए बॉलीवुड की कुछ ऐसी ही फिल्में लेकर आए हैं, जो एक ही नाम और एक जैसी कहानी के साथ दो बार रिलीज हुई हैं.
देवदास
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम फिल्म ‘देवदास’ का है. शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के नायाब उपन्यास ‘देवदास’ पर दो अलग-अलग दौर में एक ही नाम से दो फिल्में बनीं. सबसे पहले साल 1955 में बिमल रॉय के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में दिलीप कुमार, सुचित्रा सेन और वैजयंतीमाला लीड रोल में नजर आए.
संजय लीला भंसाली की 'देवदास'
इसके बाद साल 2002 में संजय लीला भंसाली ने इसी टाइटल और कहानी के साथ ‘देवदास’ को एक नया रूप दिया. भव्य सेट, शानदार स्टारकास्ट के साथ दर्शकों के सामने इस फिल्मो को उतारा. इसमें शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित लीड रोल में नजर आए. दोनों फिल्मों की कहानी और किरदार एक जैसे. दोनों फिल्मों में देवदास और पारो का अटूट प्रेम देखने को मिला.
अग्निपथ
साल 1990 की फिल्म 'अग्निपथ' में अमिताभ बच्चन लीड रोल में नजर आए. वहीं 2012 की फिल्म अग्निपथ में ऋतिक रोशन. दोनों ही फिल्मों में हीरो विजय दीनानाथ चौहान अपने पिता की सरेआम हत्या का बदला लेने के लिए मुंबई अंडरवर्ल्ड में जाता है और आखिर में अपने सबसे बड़े दुश्मन कांचा चीना को खत्म कर देता है. दोनों की फिल्मों की कहानी काफी मिलती-जुलती है. जिस तरह 90 के दशक की अग्निपथ को प्यार मिला, उसी तरह 2012 की अग्निपथ को भी दर्शकों ने खूब सराहा.
पति पत्नी और वो
ये एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसमें पति-पत्नी के बीच मजेदार नोंक-झोंक देखने को मिलती है. साल 1978 में बीआर चोपड़ा ने संजीव कुमार, विद्या सिन्हा और रंजीता को लेकर ये कॉमेडी फिल्म बनाई थी. इसके बाद सेम टाइटल से साल 2019 में मुदस्सर अजीज ने इसका रीमेक पेश किया, जिसमें कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे लीड रोल में नजर आए. दोनों की कहानी एक जैसी ही है.
जुड़वा 2
साल 1997 में डेविड धवन ने सलमान खान के साथ 'जुड़वा' बनाई, जिसमें करिश्मा कपूर और रंभा नजर आई थीं. इसके बीस साल 2017 में डेविड धवन ने खुद के बेटे वरुण धवन को लेकर 'जुड़वा 2' बनाई. इसकी कहानी भी सेम वही, जिसमें जैकलीन फर्नांडीज और तापसी पन्नू नजर आईं. दोनों फिल्में दो भाइयों राजा और प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती हैं, जो जन्म के समय अलग हो जाते हैं, एक सीधा-सादा और दूसरा एक गली का गुंडा. 1997 की ‘जुड़वा’ और साल 2017 की ‘जुड़वा 2’, दोनों फिल्मों की कहानी में कोई खास अंतर नहीं दिखता है.
परिणीता
शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के मशहूर बंगाली नॉवेल 'परिणीता' पर सबसे पहले बिमल रॉय ने फिल्म बनाई. साल 1953 में आई बिमल रॉय की 'परिणीता' में अशोक कुमार और मीना कुमारी लीड रोल में नजर आए थे. फिर दशकों बाद, 2005 में प्रदीप सरकार ने इसी टाइटल और कहानी पर एक फिल्म बनाई, जिसमें सैफ अली खान और विद्या बालन नजर आए. इन दोनों फिल्मों की कहानी एक जैसी ही है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.