---विज्ञापन---
आखिर क्यों छिड़ा है दिलजीत दोसांझ की Satluj पर विवाद? सिर्फ 48 घंटों के भीतर Zee5 से हटाई गई फिल्म
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' इन दिनों विवादों में बनी हुई है. कई बदलावों और कानूनी लड़ाई के बाद इस फिल्म को 3 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज किया गया था. हालांकि, रिलीज के महज 48 घंटे के भीतर ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया और भारत में इस पर रोक लगा दी गई. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्यों हुआ और इस फिल्म को लेकर विवाद क्या है? आइए जानते हैं.
क्यों हो रहा है सतलुज को लेकर विवाद
दरअसल, 'सतलुज' एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है. यह पंजाब के जाने-माने मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित है. उन्होंने 1984 से 1994 के बीच पंजाब में लापता हुए हजारों लोगों और कथित अवैध अंतिम संस्कारों की जांच की थी. उन्होंने इन मामलों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया और कथित मानवाधिकार उल्लंघनों की ओर देश का ध्यान खींचा. हालांकि, 1995 में जसवंत सिंह खालड़ा खुद लापता हो गए और बाद में उनकी हत्या कर दी गई. इस मामले में चार पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराया गया था. पहले उन्हें सात साल की सजा सुनाई गई, जिसे बाद में बढ़ाकर आजीवन कारावास कर दिया गया.
तीन बार बदला गया फिल्म का नाम
गौरतलब है कि इस फिल्म को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. विवादों के चलते फिल्म का नाम तीन बार बदला गया. शुरुआत में इसका नाम 'घल्लूघारा' रखा गया था. यह एक पंजाबी शब्द है, जिसका अर्थ 'नरसंहार' होता है. हालांकि, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इस नाम पर आपत्ति जताई, जिसके बाद इसे बदलना पड़ा.
पंजाब 95 रखा गया नाम
इसके बाद फिल्म का नाम 'Punjab 95' रखा गया। इस नाम के साथ फिल्म का प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी होना था, लेकिन बाद में इसे कथित राजनीतिक कारणों से हटा दिया गया।
सतलुज को 48 घंटे में ओटीटी से हटाया
तीसरी बार फिल्म का नाम बदलकर 'सतलुज' रखा गया और इसे 3 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज किया गया. हालांकि, रिलीज के महज 48 घंटे के भीतर इसे भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. लेकिन वैश्विक स्तर पर यह फिल्म अब भी उपलब्ध बताई जा रही है.
सेंसर बोर्ड संग लंबा चला फिल्म के मेकर्स का विवाद
फिल्म को लेकर मेकर्स और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के बीच भी विवाद रहा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड ने फिल्म को प्रमाणपत्र देने से पहले 127 कट लगाने और कई बदलाव करने के निर्देश दिए थे. इसके अलावा, कुछ किरदारों के नाम बदलने की भी मांग की गई थी. हालांकि, इन बदलावों के बाद भी फिल्म को मंजूरी नहीं मिल सकी. सिनेमाघरों में रिलीज में लगातार देरी के चलते इसे 7 फरवरी 2025 को विदेशों में रिलीज किया गया था.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.