---विज्ञापन---
‘द केरल स्टोरी’ की एक्ट्रेस अब बनेंगी उर्मिला, रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में निभाएंगी सीता की बहन का किरदार
Ramayana Cast Urmila Role Reveal: 'रामायण' को लेकर हर दिन नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं, जो फैंस की एक्साइटमेंट फिल्म को लेकर और बढ़ा रहे हैं. समाने आई जानकारी के मुताबिक माता सीता की बहन का किरदार एक ऐसी एक्ट्रेस निभा रहीं हैं, जिन्होंने टीवी की दुनिया से बॉलीवुड तक अपनी बेहतरीन पहचान बनाई.
कौन हैं एक्ट्रेस?
'रामायण' में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे बड़े सितारों के किरदारों को तो आप समझ गए, जिनकी खूब चर्चा भी हो रही है, लेकिन अब नाम जो सामने आया है वो 'द केरल स्टोरी' से नाम कमा चुंकीं एक्ट्रेस सोनिया बालानी हैं, जो फिल्म में लक्ष्मण जी की पत्नी और मां सीता की बहन उर्मिला का अहम किरदार निभाएंगी. सोनिया बालानी का चेहरा टीवी दर्शकों के लिए बिल्कुल नया नहीं है. उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी और कई पॉपुलर टीवी शोज का हिस्सा रही हैं.
कैसे बनाई पहचान?
'बड़े अच्छे लगते हैं', 'तू मेरा हीरो' और 'दिल दिया गल्लां' जैसे सीरियल्स में उनके काम को दर्शकों ने काफी पसंद किया. टीवी पर पहचान बनाने के बाद उन्होंने फिल्मों की ओर रुख किया और धीरे-धीरे बॉलीवुड में भी अपनी जगह बनाई. वहीं सोनिया ने साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म 'तुम बिन 2' से बॉलीवुड में कदम रखा. इसके बाद वह 'बाजार' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं. हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान और चर्चा 'द केरल स्टोरी' से मिली, जिसमें उन्होंने आसिफा बा का किरदार निभाया था.
करियर का टर्निंग प्वॉइंट
अब वह अपने करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक का हिस्सा बनने जा रहीं हैं. यूपी के आगरा में एक सिंधी फैमिली में जन्मीं सोनिया बालानी ने सेंट जॉन्स कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की. बचपन से ही एक्टिंग का सपना लेकर बड़ी हुईं सोनिया ने अपने जुनून को करियर बनाया और मेहनत के दम पर टीवी से फिल्मों तक का सफर तय किया.
'रामायण' में अहम किरदार
अब 'रामायण' जैसी भव्य फिल्म में शामिल होना उनके करियर का बड़ा पड़ाव माना जा रहा है. 'रामायण' की कथा में उर्मिला का किरदार बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. लक्ष्मण के 14 साल के वनवास के दौरान उर्मिला का त्याग, धैर्य और समर्पण हमेशा से लोगों को भावुक करता रहा है. यही वजह है कि दर्शकों की नजरें इस बात पर भी टिकी हैं कि सोनिया बालानी इस संवेदनशील किरदार को बड़े पर्दे पर कैसे जीवंत करती हैं?
कब दिखेगी पहली झलक?
बहरहाल, फिल्म की पूरी स्टाराकस्ट से पर्दा उठ चुका है, और 24 जुलाई को ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शकों को पहली बार सोनिया बालानी की उर्मिला वाली झलक देखने को मिल सकती है. ऐसे में फिल्म के साथ-साथ उनके किरदार को लेकर भी एक्साइटमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.