---विज्ञापन---
400 किलो सोना और 12 करोड़ का बजट, बॉलीवुड के इस कल्ट गाने को बनाने में मेकर्स के छूट गए थे पसीने
बॉलीवुड इतिहास में कई ऐसे गाने बने हैं, जो अपनी भव्यता के लिए जाने जाते हैं लेकिन एक गाना ऐसा भी है, जिसे बनाने में मेकर्स के पसीने छूट गए थे. अपनी फिल्मों में आलीशान सेट लगाने के लिए मशहूर एक दिग्गज डायरेक्टर ने कुछ साल पहले एक ऐसा गाना तैयार किया जिसका बजट किसी छोटी फिल्म के कुल बजट से भी ज्यादा था. इस गाने को पर्दे पर शाही लुक देने के लिए 400 किलो से ज्यादा सोना और बेहद कीमती लिबास का इस्तेमाल किया गया था. चलिए जानते हैं आखिर कौन सा है यह गाना और क्यों हुआ था इस पर बड़ा बवाल?
सेट और सोने पर करोड़ों का खर्च
डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने इस गाने को असली राजपूती वैभव देने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया था. यह 'पद्मावत' का सुपरहिट गाना 'घूमर' था. राजस्थान के ऐतिहासिक जयगढ़ किले में फिल्माए गए इस गाने के केवल सेट को तैयार करने में ही 12 करोड़ रुपये का भारी खर्च आया था. इतना ही नहीं इस गाने की मेकिंग और किरदारों के लुक को निखारने के लिए करीब 400 किलो असली सोने के गहनों और कलाकृतियों का इस्तेमाल किया गया था.
दीपिका का 30 किलो का भारी लहंगा
गाने में रानी पद्मावती बनीं एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के पहनावे पर भी खास काम किया गया था. इस गाने के लिए मशहूर डिजाइनर रिंपल नरूला ने एक बेहद खूबसूरत शाही लहंगा तैयार किया था जिसका वजन 30 किलो था और इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये थी. इतने भारी-भरकम लहंगे और गहनों को पहनकर दीपिका ने गाने की शूटिंग के दौरान 60 से ज्यादा बार गोल चक्कर (ट्वर्ल्स) लगाए थे.
पेट दिखने पर हुआ था भारी विवाद
जैसे ही यह गाना रिलीज हुआ वैसे ही राजपूत करणी सेना और कई संगठनों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया था. उनका आरोप था कि गाने में दीपिका के लहंगे से उनका पेट दिख रहा है जबकि राजपूत रानियां कभी ऐसे लिबास नहीं पहनती थीं. इसके अलावा संगठनों का कहना था कि रानियां कभी सबके सामने डांस नहीं करती थीं बल्कि सिर्फ महिलाओं के बीच ही नृत्य करती थीं. उन्होंने मेकर्स पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाया था.
घूमर 2.0 नाम से दोबारा हुआ रिलीज
चारों तरफ बढ़ते विरोध और विवाद को देखते हुए मेकर्स को बैकफुट पर आना पड़ा था. इसके बाद संजय लीला भंसाली ने गाने को दोबारा एडिट करवाया और स्पेशल इफेक्ट्स (VFX) की मदद से दीपिका पादुकोण के पेट वाले हिस्से को लहंगे से पूरी तरह कवर कर दिया गया. इस बदलाव के बाद जब गाने को दोबारा रिलीज किया गया तो फैंस ने इसे 'घूमर 2.0' का नाम दिया.
यूट्यूब पर बंपर व्यूज और सुपरहिट कास्ट
तमाम विवादों के बावजूद दर्शकों ने इस गाने पर अपना भरपूर प्यार लुटाया और यह बॉलीवुड के सबसे सफल गानों में शामिल हो गया. यूट्यूब पर अब तक इस गाने को 253 मिलियन (25 करोड़ से ज्यादा) व्यूज मिल चुके हैं. आपको बता दें कि साल 2018 में आई इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में दीपिका के साथ रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी और शाहिद कपूर ने महाराजा रावल रतन सिंह का दमदार रोल निभाया था.