Friday, 3 July, 2026

---विज्ञापन---

Back

कभी सेल्सगर्ल थीं ये एक्ट्रेस, हंटर से गुंडों को पीटकर बनीं बॉलीवुड की पहली ‘एक्शन क्वीन’

---विज्ञापन---

सिनेमाघरों में आज आलिया भट्ट की एक्शन फिल्म 'अल्फा' रिलीज हुई है, जिसमें खतरनाक स्टंट भी दिखाया गया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड में आज से कई दशक पहले एक ऐसी विदेशी हसीना आई थी, जिसने बिना किसी बॉडी डबल के ऐसे हैरतअंगेज स्टंट किए कि लोग उन्हें देखकर खौफ खाते थे. फिल्मों में आने से पहले वह एक सेल्सगर्ल का काम करती थीं, लेकिन जब उन्होंने हाथ में हंटर उठाकर गुंडों को पीटना शुरू किया, तो वह हिंदी सिनेमा की पहली 'एक्शन क्वीन' बन गईं.

ऑस्ट्रेलिया में जन्मी थीं फियरलेस नाडिया

बॉलीवुड की पहली एक्शन क्वीन फियरलेस नाडिया (Fearless Nadia) का जन्म साल 1908 में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में हुआ था. उनका असली नाम मैरी इन इवांस (Mary Ann Evans) था. उनके पिता ब्रिटिश आर्मी में एक वॉलंटियर थे और जब नाडिया महज 5 साल की थीं, तब वह अपने पिता के साथ मुंबई आ गई थीं. पहले विश्व युद्ध के दौरान उनके पिता की अचानक मौत हो गई, जिसके बाद वह पेशावर चली गईं. वहां उन्होंने घुड़सवारी, शिकार करना, मछली पकड़ना और शूटिंग जैसी कई कठिन चीजें सीखीं, जो आगे चलकर उनके करियर का मुख्य आधार बनीं.

---Advertisement---

सेल्सगर्ल की नौकरी से की शुरुआत

साल 1920 में नाडिया वापस मुंबई लौट आईं और उन्होंने अपनी आजीविका चलाने के लिए आर्मी एंड नेवी स्टोर में बतौर सेल्सगर्ल काम करना शुरू कर दिया. इसी दौरान उन्होंने एक रशियन डांसर मैडम अस्त्रोवा का ग्रुप जॉइन कर लिया, जो ब्रिटिश आर्मी और राजघरानों के सामने परफॉर्म करता था. इस ग्रुप के साथ रहते हुए नाडिया ने कलाबाजी और एक्रोबेटिक स्टंट्स सीखे. वह बहुत ही आसानी से कार्टव्हील और स्प्लिट्स जैसे कठिन स्टंट करने लगी थीं. बाद में एक ज्योतिषी की सलाह पर उन्होंने अपना नाम मैरी से बदलकर नाडिया रख लिया था.

हंटरवाली फिल्म ने बदल दी किस्मत

नाडिया को हिंदी फिल्मों में लाने का श्रेय जमशेद वाडिया और होमी वाडिया को जाता है. शुरुआत में उन्होंने छोटे-मोटे रोल किए, लेकिन साल 1935 में आई वाडिया ब्रदर्स की फिल्म हंटरवाली (Hunterwali) ने उनकी किस्मत को पूरी तरह से बदल कर रख दिया. इस फिल्म में वह हाथ में हंटर लेकर अकेले ही दर्जनों गुंडों के छक्के छुड़ाती नजर आई थीं. फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और अपनी जिद व पैशन के दम पर नाडिया रातों-रात सिनेमा की बहुत बड़ी स्टार बन गईं.

---Advertisement---

बिना बॉडी डबल के खुद करती थीं स्टंट

नाडिया की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वह फिल्मों में किसी भी हीरो से कम नहीं थीं. वह फाइट सीन, तलवारबाजी, ऊंचाइयों से कूदना या चलती ट्रेन पर दौड़ना जैसे सभी खतरनाक स्टंट बिना किसी बॉडी डबल के खुद ही करती थीं. उनके इसी बेखौफ अंदाज को देखकर दर्शकों ने उन्हें फियरलेस नाडिया (Fearless Nadia) का नाम दिया था. उन्होंने अपने करियर में पंजाब मेल (Punjab Mail), जंगल प्रिंसेस (Jungle Princess), हंटरवाली की बेटी (Hunterwali Ki Beti) और डायमंड क्वीन (Diamond Queen) जैसी कई कल्ट एक्शन फिल्मों में काम किया.

होमी वाडिया संग रचाई थी शादी

अगर उनकी निजी जिंदगी की बात करें, तो फिल्मों में काम करने के दौरान उनका झुकाव फिल्म निर्माता होमी वाडिया की तरफ हुआ. लंबे समय के रिश्ते के बाद उन्होंने साल 1961 में होमी वाडिया (Homi Wadia) से शादी कर ली थी. नाडिया ने अपनी जिंदगी के आखिरी पल मुंबई में ही बिताए और 88 वर्ष की उम्र में बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण उनका निधन हो गया था. आज बॉलीवुड में भले ही हाई-टेक तकनीक से एक्शन सीन बनाए जाते हों, लेकिन फियरलेस नाडिया जैसा असली और बेखौफ जज्बा आज तक कोई दूसरी हीरोइन नहीं दिखा पाई है.

---Advertisement---
First published on: Jul 03, 2026 10:01 AM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola