---विज्ञापन---
खत्म नहीं हो रहा Dhurandhar 2 का क्रेज, तोड़ा ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड, बनी दूसरी सबसे कमाऊ भारतीय फिल्म
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज हुई थी. फिल्म का रिलीज के बाद से दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिला है. इतना ही नहीं इस मूवी ने तमाम फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं. वहीं अब इसने बाहुबली 2 का भी रिकॉर्ड तोड़ डाला है और यह भारत की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है. तो चलिए एक नजर डालते हैं फिल्म के कलेक्शन पर.
धुरंधर 2 ने तोड़ा बाहुबली 2 का रिकॉर्ड
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक धुरंधर 2 ने दुनिया भर में 1788.32 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. इस मूवी ने एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म बाहुबली को भी मात दे दी है. फिल्म ने बाहुबली 2 के 1788.06 के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और बढ़त बना ली है. इस तरह से धुरंधर 2 भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है.
नंबर 1 पर बनी है दंगल
वहीं, पहले स्थान पर अभी भी आमिर खान की मूवी दंगल बनी हुई है. जिसने दुनिया भर में 2070 करोड़ का कलेक्शन किया था. इस मूवी ने सबसे ज्यादा कमाई चाइना में की थी. हालांकि अभी तक कोई भी मूवी दंगल का रिकॉर्ड तोड़ने के भी करीब नहीं पहुंच पाई है.
धुरंधर 2 रविवार को किया इतना कलेक्शन
बता दें कि धुरंधर 2 ने ग्रॉस कलेक्शन 1362.60 करोड़ का किया है और भारत में नेट कलेक्शन इसका 1138.54 करोड़ है. वहीं ओवरसीज मार्केट में इसकी कमाई 425.75 करोड़ है. वहीं, फिल्म के रविवार कलेक्शन को लेकर बात करें तो यह 46वें दिन भी कमाई कर रही है. इस दिन मूवी ने 1.40 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया. फिल्म की ऑक्यूपेंसी 38.7 प्रतिशत रही.
धुरंधर ने कमाए थे इतने करोड़
बता दें कि धुरंधर 2 का डायरेक्शन आदित्य धर ने किया है और यह साल 2025 की मूवी धुरंधर की सीक्वल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. यह फिल्म एक भारतीय स्पाई के बारे में है, जो पाकिस्तान जाता है और देश के लिए जानकारी मुहैया कराता है.
धुरंधर 2 स्टार कास्ट
फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आए. इसके अलावा आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, सौम्या टंडन, अक्षय खन्ना, राकेश बेदी, गौरव गेरा, संजय दत्त, जैसे एक्टर्स ने अहम रोल अदा किया था.