---विज्ञापन---
अजय देवगन की ‘धमाल 4’ पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, रिलीज से पहले से हटाए गए ये ‘अश्लील’ सीन
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फैमिली कॉमेडी फिल्मों का जबरदस्त जलवा देखने को मिल रहा है. इसी बीच बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवन की मोस्ट अवेटेड मल्टीस्टारर कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्म 'धमाल 4' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. सिनेमाघरों में दस्तक देने से ठीक एक हफ्ते पहले इस फिल्म को सेंसर बोर्ड की तीखी कैंची का सामना करना पड़ा है. बोर्ड ने फिल्म में दिखाए गए कुछ आपत्तिजनक दृश्यों और शब्दों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्हें तुरंत बदलने का आदेश दिया है.
सेंसर बोर्ड ने फिल्म को दिया यू/ए सर्टिफिकेट
सुपरस्टार अजय देवगन की आने वाली एडवेंचर कॉमेडी फिल्म धमाल 4 (Dhamaal 4) इन दिनों काफी सुर्खियों में बनी हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिनेमाघरों में रिलीज होने से ठीक पहले इस फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सीबीएफसी (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है. सेंसर बोर्ड ने फिल्म को देखने के बाद इसे यू/ए 13 प्लस (U/A 13+) सर्टिफिकेट जारी किया है. हालांकि, इस सर्टिफिकेट को हासिल करने के लिए मेकर्स को फिल्म की कहानी और दृश्यों में कुछ जरूरी बदलाव करने पड़े हैं.
अश्लील इशारों और शब्दों पर चली कैंची
सेंसर बोर्ड ने फिल्म धमाल 4 (Dhamaal 4) के भीतर दिखाए गए कुल 9 कट्स और बदलावों की सिफारिश की थी. फिल्म के दो ऐसे सीन्स को पूरी तरह से ठीक करके बदला गया है, जिनमें कलाकारों द्वारा हाथ से अश्लील और आपत्तिजनक इशारे किए गए थे. इसके अलावा फिल्म के भीतर इस्तेमाल किए गए करीब 7 अलग-अलग डबल मीनिंग और अश्लील शब्दों को भी सेंसर बोर्ड के आदेश के बाद पूरी तरह से बदल दिया गया है. राहत की बात यह रही कि बोर्ड ने फिल्म के किसी भी सीन पर पूरी तरह से बैन नहीं लगाया है.
जानिए कितनी लंबी होगी अजय देवगन की फिल्म
इन सभी जरूरी बदलावों को पूरा करने के बाद मेकर्स को 2 जुलाई 2026 को फिल्म का फाइनल सेंसर सर्टिफिकेट सौंप दिया गया है. इस ऑफिशियल सर्टिफिकेट के अनुसार, फिल्म की कुल लंबाई 143 मिनट दर्ज की गई है. इसका मतलब यह है कि अजय देवगन की यह एडवेंचर कॉमेडी फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों का पूरे दो घंटे और 23 मिनट तक मनोरंजन करने वाली है. फिल्म का ट्रेलर और गाने सोशल मीडिया पर पहले ही इंटरनेट पर धूम मचा चुके हैं.
10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल (Welcome To The Jungle) की तरह ही धमाल 4 (Dhamaal 4) भी एक बहुत बड़ी मल्टीस्टारर फिल्म है. फिल्म के मेकर्स को उम्मीद है कि बिना किसी बड़े कट के फिल्म का थिएटर्स में आना इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिए काफी फायदेमंद साबित होने वाला है.
सुपरहिट फ्रेंचाइजी का चौथा पार्ट है 'धमाल 4'
धमाल फिल्म फ्रेंचाइजी को हिंदी सिनेमा की सबसे कामयाब और लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में गिना जाता है. इस सफर की शुरुआत साल 2007 में आई फिल्म धमाल (Dhamaal) से हुई थी, जो आज भी एक कल्ट क्लासिक मानी जाती है. इसके बाद साल 2011 में डबल धमाल (Double Dhamaal) रिलीज हुई, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी. साल 2019 में आई इस सीरीज की तीसरी फिल्म टोटल धमाल (Total Dhamaal) ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई करते हुए इस फ्रेंचाइजी को नए पंख दिए थे. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह चौथा पार्ट दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.