---विज्ञापन---
पाकिस्तान ने जिस नाटक से खौफ खाकर लगाया था बैन, उसी कहानी को बड़े पर्दे पर ला रहे हैं Sunny Deol, जानिए ‘बंटवारा 1947’ के पीछे का दर्द
Batwara 1947 Sunny Deol Film: सनी देओल अपनी मच अवेटेड फिल्म 'बंटवारा 1947' के साथ एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं, यह फिल्म दर्शकों को भारत-पाकिस्तान विभाजन के उस दर्द को महसूस कराएगी जिसे देखकर आप की भी रूह सहर उठेगी. इस फिल्म की कहानी एक और मामले में बेहद खास है, क्योंकि इसी कहानी पर बने नाटक को पाकिस्तान ने एक समय पर बैन कर दिया था, बावजूद इसके इसे अन्य देशों और भारत के अलग-अलग शहरों से खूब प्यार मिला था.
फिल्म का नाटक की कहानी से कनेक्शन
आमिर खान के प्रोडक्शन में बन रही सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' इन दिनों लगातार चर्चा में है. फिल्म सिर्फ भारत-पाकिस्तान विभाजन की कहानी नहीं दिखाएगी, बल्कि उन जख्मों को भी पर्दे पर उतारेगी जो सरहदों के साथ-साथ इंसानी रिश्तों और दिलों में बने थे. खास बात यह है कि यह फिल्म एक ऐसे मशहूर नाटक पर आधारित है, जिसे कभी पाकिस्तान में बैन कर दिया गया था.
किस नाटक पर बन रही फिल्म?
दरअसल, 'बंटवारा 1947' प्रसिद्ध लेखक और साहित्यकार असगर वजाहत के चर्चित नाटक 'जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्या ही नई' से प्रेरित है. साल 1989 में लिखे गए इस नाटक को विभाजन की त्रासदी पर आधारित सबसे प्रभावशाली रचनाओं में गिना जाता है. इसकी कहानी इंसानियत, प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द का ऐसा संदेश देती है, जो आज भी लोगों को भावुक कर देता है.
किस किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है कहानी?
नाटक की कहानी एक बुजुर्ग पंजाबी हिंदू महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद भी अपना लाहौर वाला घर छोड़ने से इनकार कर देती है. हालात बदलते हैं, लोग बदलते हैं, लेकिन वह अपने घर और अपनी यादों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होती. इसी संघर्ष के बीच इंसानियत और रिश्तों की ऐसी कहानी सामने आती है, जो दर्शकों को भीतर तक झकझोर देती है.
क्यों पाकिस्तान ने नाटक को किया बैन?
दिलचस्प बात यह है कि इस नाटक को पाकिस्तान में बैन कर दिया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाटक में दिखाए गए कुछ किरदारों और धार्मिक सहिष्णुता से जुड़े संदेशों को लेकर वहां के प्रशासन ने आपत्ति जताई थी. बताया जाता है कि एक मौलवी के किरदार और उसकी हत्या से जुड़े सीन्स को लेकर गलतफहमी पैदा हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने इसके मंचन पर रोक लगा दी.
बैन के बाद भी नाटक को मिला था भरपूर प्यार
हालांकि, बैन के बावजूद इस नाटक का प्रदर्शन लाहौर, कराची, दुबई, न्यूयॉर्क और भारत के कई शहरों में होता रहा और इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला. अब यही भावनात्मक और ऐतिहासिक कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी. फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा कई साल बाद साथ नजर आएंगे.
फिल्म की दमदार है स्टारकास्ट
इनके अलावा फिल्म में अली फजल, शबाना आजमी, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं. बहरहाल, 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आने वाली यह फिल्म दर्शकों को इतिहास के उन पन्नों से रूबरू कराएगी, जिनकी गूंज आज भी दोनों देशों के दिलों में सुनाई देती है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.