---विज्ञापन---
लता मंगेशकर ने बर्बाद किया था इस सिंगर का करियर? सालों पुराने विवाद पर अब गायिका ने बताया सच
बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई बेहतरीन सिंगर्स हैं. आज के दौर में सोनू निगम, अरिजीत सिंह, श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान जैसे कई बड़े नाम संगीत जगत में पहचाने जाते हैं. हालांकि, लता मंगेशकर को आज भी भारतीय संगीत जगत की सबसे महान और दिग्गज सिंगर्स में गिनी जाती हैं. उनके गाने आज भी हर पीढ़ी के लोगों की जुबान पर हैं. आज हम एक ऐसी सिंगर के बारे में बात करने जा रहे हैं, जिनके बारे में अक्सर कहा जाता रहा कि उनका करियर आगे नहीं बढ़ने देने में लता मंगेशकर की भूमिका रही. अब इन अफवाहों और विवादों पर सालों बाद खुद उस सिंगर ने चुप्पी तोड़ी है.
अपनी खूबसूरत आवाज से अनुराधा पौडवाल ने बनाई थी जगह
दरअसल, हम बात कर रहे हैं मशहूर प्लेबैक सिंगर अनुराधा पौडवाल की. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1970 में की थी. टी-सीरीज के लिए उन्होंने कई भक्ति गाने गाए, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया. हालांकि, अब वह फिल्मों में सक्रिय नहीं हैं. एक समय ऐसा था, जब अपनी मधुर आवाज के दम पर वह लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसी दिग्गज गायिकाओं को कड़ी टक्कर देती थीं. उनके गाने हर जगह सुनाई देते थे और उन्होंने अपनी आवाज से लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई.
अनुराधा पौडवाल देती थीं लता और आशा को टक्कर
एक समय ऐसा भी आया, जब कहा जाने लगा कि अनुराधा पौडवाल की पॉपुलैरिटी लता मंगेशकर को चुनौती दे रही है. हालांकि, अनुराधा ने हमेशा लता मंगेशकर को अपना गुरु माना है. इसके बावजूद अक्सर यह कहा जाता रहा कि लता मंगेशकर ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया, जिसकी वजह से उनका करियर प्रभावित हुआ. अब इस मुद्दे पर अनुराधा पौडवाल ने अपनी बात रखी है.
क्या लता मंगेशकर ने किया अनुराधा का करियर बर्बाद? जानें सच
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अनुराधा पौडवाल ने लता मंगेशकर से जुड़े विवादों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा, "मैं यह मानती हूं कि गुरु की बराबरी कोई नहीं कर सकता. किसी भी क्षेत्र में गुरु की बराबरी नहीं की जाती. गुरु को फॉलो किया जाता है और उनका सम्मान किया जाता है. मैंने उनसे जितना सीख सकती थी, उतना सीखने की कोशिश की. दूसरी बात यह है कि लोगों की आम सोच तुलना करने की होती है. इसलिए लोग कहते हैं कि उन्होंने मुझे आगे नहीं बढ़ने दिया, क्योंकि ऐसी बातें सुनने में सनसनीखेज लगती हैं."
साइडलाइन करने पर बोलीं अनुराधा पौडवाल
साइडलाइन किए जाने की चर्चाओं पर अनुराधा ने कहा, "अगर वह ऐसा करतीं भी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. उनकी कला जिस बुलंदी पर पहुंची थी, उसके करीब पहुंचना भी आसान नहीं था. ऐसे में किसी को आगे आने देने या रोकने का सवाल ही नहीं उठता. पहले कला के स्तर को भी देखना चाहिए. इसलिए ऐसी बातें कहना पूरी तरह मूर्खता है."
लता संग कैसी थी अनुराधा की पहली मुलाकात
इसी इंटरव्यू में अनुराधा पौडवाल ने लता मंगेशकर से अपनी पहली मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "मेरी उनसे मुलाकात मेरी शादी से पहले हुई थी. मुझे ऑल इंडिया रेडियो में गाने के लिए बुलाया गया था. उससे पहले अरुण जी के यहां एक रिकॉर्डिंग थी. लता जी ने एक गीत गाया था, जिसकी अरेंजमेंट अरुण जी ने की थी. मैं वो गाना सुनने वहां गई थी. गाना सुनते-सुनते मुझे उसके बोल याद हो गए और मैं उसका कागज भी अपने घर ले आई. बाद में मैंने उसे रिकॉर्ड किया और फिर लोगों के लगातार फोन आने लगे. उस गाने की खास बात यह थी कि वह रिलीज नहीं हुआ था. मेरे जैसी नई सिंगर को कोई संगीतकार आसानी से गाना नहीं देता. मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह गाना इतना असर डालेगा. उसी गाने ने मेरी किस्मत बदल दी."
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.