एंनटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है, जहां फिलीपींस की पॉप सिंगर वैनेसा ब्लैंका के निधन की खबर ने उनके फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री को सदमा दिया है. महज 30 साल की कम उम्र में सिंगर के जाने से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैनेसा अपने मनीला स्थित अपार्टमेंट में कपड़े बदल रही थीं, इसी बीच वह गिर गई और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं जिसके बाद उनके ब्रेन में ब्लीडिंग शुरू हो गई.
परिवार ने मांगी मदद, लेकिन नहीं मिली
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद परिवार ने तुरंत मदद मांगी, लेकिन एम्बुलेंस करीब 15 मिनट तक नहीं पहुंच सकी. इसके बाद वैनेसा को व्हीलचेयर की मदद से अपार्टमेंट से अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और उन्हें मृत घोषित कर दिया.

कैसे मिली बड़ी पहचान?
वैनेसा ब्लैंका को फिलीपींस में खास पहचान ‘शुगरपॉप’ ग्रुप से मिली थी. वह हिप हॉप ट्रैक ‘DOTA O Ako’ में अपनी आवाज देने के लिए भी जानी जाती थीं. यह गाना एक ऐसे लड़के की कहानी पर आधारित था, जो अपनी गर्लफ्रेंड और अपने पसंदीदा गेम के बीच उलझ जाता है.
कैसे की सिंगिंग करियर की शुरुआत?
वैनेसा ने अपने करियर की शुरुआत फिलीपींस के टैलेंट शो ‘पॉपस्टार किड्स’ से की थी. इसी शो के बाद ‘शुगरपॉप’ ग्रुप बनाया गया, जिसमें जूली ऐनी सैन होजे, रीटा डेनिएला, एन्जो अल्मारियो और चोलो बिस्मोंटे जैसे कलाकार भी शामिल थे. यह ग्रुप 2009 में अलग हो गया, जिसके बाद वैनेसा ने बतौर सोलो आर्टिस्ट भी काम किया.

फैंस और साथी कलाकार दे रहे भावुक श्रद्धांजलि
वैनेसा के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके पुराने साथियों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद किया. जूली ऐनी सैन होजे ने लिखा कि उन्हें अभी भी इस खबर पर यकीन नहीं हो रहा और वैनेसा के बिना ‘शुगरपॉप’ कभी पहले जैसा नहीं रहेगा.
पोस्ट शेयर कर को-स्टार कर रहे याद
रीटा डेनिएला ने श्रद्धांजलि देते हुए ‘शुगरपॉप’ का गाना ‘You Lift Me Up’ इंस्टाग्राम पर शेयर किया. वहीं एन्जो अल्मारियो ने वैनेसा को याद करते हुए उन्हें अपनी ‘सबसे छोटी बहन’ बताया और कहा कि वह बहुत जल्दी चली गईं.
परिवार की लोगों से ये खास अपील
चोलो बिस्मोंटे ने भी उस पहले फिलिपिनो गाने का वॉयस नोट शेयर किया, जिसे उन्होंने वैनेसा के साथ गाया था. उन्होंने लिखा कि वे उनसे बहुत प्यार करते हैं और उनका जाना अभी भी बेहद दर्द दे रहा है. परिवार ने भी लोगों से इस मुश्किल समय में वैनेसा की मां और उनके करीबियों को प्राइवेसी देने की अपील की है.