Steve Ellis Death: हॉलीवुड की म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के फेमस सिंगर और वोकलिस्ट स्टीव एलिस का निधन हो गया है. 60 के दशक में अपने गाने ‘लव अफेयर’ पर पूरे देश को झूमने के लिए मजबूर करने वाले सिंगर स्टीव एलिस ने 76 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली. बताया जा रहा है कि उनकी मौत एक पुरानी बीमारी की वजह से हुई है, जिससे वो लंबे समय से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है.
पुरानी बीमारी ने ली जान
मशहूर सिंगर स्टीव एलिस के निधन की जानकारी उनके ही ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए दी गई है. इसके अलावा, सिंगर के रिप्रेजेंटेटिव ने एक स्टेटमेंट में उनके निधन की खबर को कन्फर्म किया है. अपने स्टेटमेंट में उन्होंने लिखा, ‘प्यारे दोस्तों, बहुत भारी मन से हम स्टीव के निधन की खबर शेयर कर रहे हैं. एक पुरानी बीमारी से जूझते हुए 30 अक्टूबर, 2026 की शाम को सिंगर स्टीव की मौत हो गई. उनके आखिरी समय में वो अपने प्रियजनों के करीब थे. अपने परिवार की मौजूदगी में स्टीव एलिस शांति से दुनिया से चले गए. हमेशा प्यार…’
स्टीव एलिस को श्रद्धांजलि दी जा रही
स्टीव एलिस के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कई फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है. जहां एक फैन ने लिखा, ‘यह सुनकर बहुत दुख हुआ. वह सच में एक अच्छे और दयालु इंसान थे. मैं उनसे कोल्स्टन हॉल, ब्रिस्टल में बैकस्टेज मिला था, जब मैं लगभग 16 साल का था और वह 19 साल के थे. वह एक जवान, अजीब लड़की के साथ बहुत फ्रेंडली थे.’
दुखी हुए फैंस
वहीं, एक दूसरे फैन ने लिखा, ‘उनके परिवार को संवेदनाएं भेज रहा हूं… स्टीव मेरे शुरुआती ‘पॉप आइडल्स’ में से एक थे. जब मैं यह कहता था तो लोग मुझे गुस्से से देखते थे, क्योंकि उन्हें पता नहीं था कि वह कौन थे…’ एक व्यक्ति ने कमेंट में लिखा, ‘बहुत दुखद खबर. मुझे याद है कि मैं पोर्ट्सलेड में उनके लाउंज में बैठा था और खूब हंस रहा था. हमने NSPCC के लिए एक चैरिटी सिंगल बनाया और फंड जमा किया. बहुत अच्छी आवाज और एक बेहतरीन इंसान. RIP दोस्त.’