‘द वॉयस ऑफ हॉलैंड’ के पहले विनर रहे बेन सॉन्डर्स का 43 साल की उम्र में निधन हो गया है. फेमस रियलिटी शो ‘द वॉयस’ का डच वर्जन 2011 में आया था और सॉन्डर्स इस शो के पहले सीजन में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए थे. इसके बाद उन्होंने शो में जीत हासिल की थी. हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार दोपहर उन्हें मृत पाया गया. सिंगर के निधन से उनके परिवार में मातम छाया हुआ है और फैंस भी इस खबर को जानकर काफी हैरान है.
झील के पास मिले थे बेन सॉन्डर्स
स्थानीय मीडिया आउटलेट डी टेलीग्राफ के मुताबिक द वॉयस ऑफ हॉलैंड के पहले विनर बने सॉन्डर्स का 43 की उम्र में निधन हो गया है. आउटलेट ने बताया कि उन्हें इस हफ्ते की शुरुआत में मंगलवार को नीदरलैंड्स की राइकरस्वोर्डर्स प्लासेन झील के पास पाया गया था. अधिकारियों और बचाव दल के लोगों को सॉन्डर्स तब मिले, जब वे एक ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रहे थे, जिसके सिर, गर्दन, बाहों और हाथों पर कई टैटू थे. उनकी मौत की वजह अभी भी साफ नहीं की गई है. हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में किसी तरह की गड़बड़ी या अपराध की आशंका को खारिज कर दिया गया है.
सॉन्डर्स की पत्नी ने शेयर किया भावुक पोस्ट
वहीं, सॉन्डर्स के निधन के बाद उनकी पार्टनर जुआनिता ने अपने इंस्टाग्राम पर निधन के निधन के बारे में एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने पोस्ट शेयर कर लिखा, “हमारे बेटे बेंजी के शब्दों में: मम्मी मेरे दिल में एक खाली जगह है, जो सिर्फ एक परसेंट भरी हुई है. बहुत दुख के साथ और हाल की मीडिया रिपोर्ट्स के बाद हमें यह कंफर्म करना पड़ रहा है कि यह मामला हमारे बेन से जुड़ा है.” उन्होंने डच भाषा में आगे लिखा, “इस नुकसान से हमारी जिंदगी में एक ऐसी खाली जगह बन गई है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. हम सभी से गुजारिश करते हैं कि इस बेहद मुश्किल समय में हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें. प्लीज हमें, परिवार और अपनों को वह शांति और समय दें जिसकी हमें अभी बहुत जरूरत है. ताकि हम अकेले में इस नुकसान को स्वीकार करने और विदाई की तैयारी करने की प्रोसेस शुरू करें. हम सभी की समझदारी के लिए धन्यवाद करते हैं.”
फैंस ने दी श्रद्धांजलि
सॉन्डर्स के पार्टनर ने भी इस खबर की पुष्टि की और बताया कि शनिवार को सिंगर के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें फैंस शामिल हो सकते हैं. उनकी पोस्ट में लिखा था, “फैंस और मीडिया शनिवार 19 सितंबर को शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच अर्नहेम में हमारी दुकान क्राफ्टमैंसटैटू पर आकर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकते हैं.” वहीं, फैंस ने भी इस पोस्ट पर रिएक्ट किया है और सॉन्डर्स को श्रद्धांजलि दी है.
यह भी पढ़ें- 22 की इन्फ्लुएंसर डुडा अल्वेस का निधन, मौत से पहले सर्जरी के दर्द का किया था खुलासा