Rahul Roy: दिग्गज अभिनेता राहुल रॉय ने अपने हालिया संगीत वीडियो और इंस्टाग्राम रील कोलैबोरेशन का मजाक उड़ाने वाले ऑनलाइन ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि विवादित वीडियो 2020 में ब्रेन स्ट्रोक से पहले शूट किए गए थे और वे अपना खर्च चलाने और मानसिक रूप से सक्रिय रहने के लिए काम करना जारी रखे हुए हैं. पोस्ट में राहुल ने अपनी पसंद पर सवाल उठाने वाले ट्रोलर्स की निंदा करते हुए स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों से जुड़ी अपनी निजी समस्याओं का भी खुलासा किया था. वहीं अब इस मामले में इंडस्ट्री के जाने-माने सेलेब्स राहुल के सपोर्ट में उतर आए हैं.
राहुल रॉय के सपोर्ट में उतरे बॉलीवुड सेलेब्स
बॉलीवुड स्टार अनुपम खेर, सोनू सूद, फराह खान, मनीष पॉल और शिल्पा शिरोडकर सहित कई स्टार्स ने राहुल रॉय को सपोर्ट किया और सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना की निंदा की. राहुल रॉय की पोस्ट पर कमेंट करते हुए फराह खान ने राहुल को गुड लक बोला. वहीं अनुपम खेर ने उन्हें सबसे अच्छा बताया और सोनू सूद ने भी उनकी सराहना की. कमेंट सेक्शन में इंडस्ट्री के कई कलाकर राहुल को सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं.

क्या है पूरा मामला
राहुल रॉय फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हैं. उनकी फिल्म आशिकी की दीवानगी आज भी देखने को मिलती है. लेकिन समय के साथ राहुल बड़े पर्दे से ओझल हो गए. लेकिन आज तक राहुल रॉय को उसी फिल्म के हीरो के तौर पर पहचाना जाता है और याद किया जाता है. राहुल रॉय यूं तो अक्सर पैपराजी वीडियो के जरिए सुर्खियों में आते हैं लेकिन 29 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर उनके साथ एक क्रिएटर की रील वायरल हो गई. ये क्रिएटर राहुल रॉय के साथ आशिकी फिल्म के गाने पर रील बना रही थीं.
राहुल रॉय संग बनाई गई ये रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं. इसी वायरल रील को लेकर ट्रोलर्स ने राहुल रॉय को काफी कुछ कहा. हर किसी का यही सवाल था कि आखिर वे ये सब काम क्यों कर रहे हैं. कई लोगों के उनके एक्सप्रेशन पर भी सवाल उठाए कि एक्टर होते हुए भी राहुल रील में कुछ भी एक्टिंग करते नजर नहीं आ रहे हैं. वहीं कुछ ने तो ये कहना शुरू कर दिया कि ऐसी क्या मजबूरी थी.
राहुल रॉय ने दिया करारा जवाब
इस विवाद पर राहुल ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं अपना काम पूरी ईमानदारी और विनम्रता से करता हूं. मुझे कुछ कानूनी मामलों का खर्च उठाना है, और ये मामले आज के नहीं हैं. ये मुझे ब्रेन स्ट्रोक होने से पहले के हैं. अगर आप मेरी सादगी का मजाक उड़ाते हैं या मेरे संघर्षों पर हंसते हैं, तो यह मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा बताता है.”
आगे राहुल ने लिखा कि, “अगर आपको सच में इतनी ही चिंता है, तो कृपया मुझे कोई अच्छा काम ढूंढ़ने में मदद करें, ताकि मैं इन मुकदमों का खर्च उठा सकूं. कम से कम मैं अपनी मेहनत से कमा रहा हूं, दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं. ब्रेन स्ट्रोक के बाद, मेरे लिए एक्टिव रहना बहुत जरूरी है. मैं जब तक जिंदा हूं, तब तक काम करना चाहता हूं. इससे मेरा दिमाग एक्टिव रहता है और मुझे एक मकसद और जिम्मेदारी का एहसास मिलता है कि मैं आज भी काम कर रहा हूं. हां कभी-कभी थोड़ी तकलीफ जरूर होती है, लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते.”