Vashu Bhagnani Exclusive: ‘चुनरी चुनरी’ गाने को लेकर चल रहा विवाद अब सीधे तौर पर आरोपों की जंग में बदल चुका है. ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में E24 Bollywood के सवालों का जवाब देते हुए प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने रमेश तौरानी और धवन परिवार पर सीधा और गंभीर आरोप लगाया. भगनानी ने साफ शब्दों में कहा कि गलती उनकी तरफ से हुई है क्योंकि उन्होंने बिना इजाजत उनके गाने लिए और उनकी फिल्म बनाई. हालांकि, इस तल्खी के बीच उन्होंने यह भी दावा किया कि वो आज भी इस पूरे मामले को महज 2 मिनट में सुलझाने का दम रखते हैं.
“गलती उनकी है, उन्होंने मेरे गाने लिए और मेरी फिल्म बनाई”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाशु भगनानी ने बिना किसी लाग-लपेट के रमेश तौरानी और धवन परिवार को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने साफ तौर पर कहा, “सकारात्मक या नकारात्मक रखना अब उनके हाथ में है. गलती उन लोगों ने की है. उन्होंने मेरे गाने लिए, मेरी फिल्म बनाई.” भगनानी के इस बयान ने साफ कर दिया है कि वह इस मामले में खुद को पूरी तरह सही और दूसरे पक्ष को कसूरवार मान रहे हैं.

वरुण धवन के लिए रिश्तों का झगड़ा ‘इमली’ या ‘चॉकलेट’?
जब E24 ने रिश्तों में आई इस कड़वाहट पर सवाल किया, तो वाशु भगनानी ने कहा, “यह कड़वाहट नहीं, बल्कि ‘खट्टा-मीठा’ है. अब यह वरुण धवन पर निर्भर करता है कि वह इसे एक खट्टी-मीठी चॉकलेट की समस्या के रूप में देखते हैं या फिर इमली की समस्या की तरह.” उन्होंने आगे कहा कि किसी भी रिश्ते को ठीक करने में सिर्फ 2 मिनट का समय लगता है.
धवन परिवार और रमेश तौरानी से बरसों से नहीं हुई मुलाकात
भगनानी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इस विवाद से जुड़े किरदारों के बीच आपसी बातचीत लंबे समय से बंद है. उन्होंने कहा, “मैंने वरुण धवन से पिछले 5 साल से मुलाकात नहीं की है. वहीं डेविड धवन से 2 साल और रमेश तौरानी से भी पिछले 2 साल से मेरी कोई मुलाकात नहीं हुई है.”
“इतना सब होने के बाद भी साथ खड़ा होने को तैयार”
अपने अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाने के बावजूद वाशु भगनानी ने एक रणनीतिक दांव खेला. उन्होंने कहा, “उन्होंने गलत किया, इसके बावजूद मैं आज भी उनके साथ खड़ा होने के लिए तैयार हूं. अब इससे ज्यादा कोई और क्या उम्मीद कर सकता है?” यानी उन्होंने गेंद अब रमेश तौरानी और डेविड धवन के पाले में डाल दी है.
3 से 5 मिनट में सेटलमेंट का खुला चैलेंज
भगनानी ने दावा किया कि अगर सही तरीके से बात की जाए, तो इस विवाद की उम्र बहुत कम है. उन्होंने कहा, “हमारा पूरा ग्रुप—जिसमें डेविड धवन और रमेश तौरानी शामिल हैं, अगर बैठ जाए, तो इसे सुलझाने के लिए 3 मिनट से भी कम समय चाहिए. अगर अभी इस कॉल पर भी उन्हें लाइन पर ले लिया जाए, तो मैं 5 मिनट में सब सेटल कर दूंगा.”