Kaali Kheti Review: बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों की बात आते ही अक्सर भूतिया हवेली, डरावनी आवाजें और अचानक सामने आने वाले चेहरे याद आते हैं. लेकिन फिल्म ‘काली खेती’ इस तयशुदा फॉर्मूले से अलग हटकर दर्शकों के सामने एक अनोखी और रहस्यमयी कहानी लेकर आती है. गांव की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म शुरुआत से ही एक ऐसा माहौल तैयार करती है, जहां हर चीज सामान्य दिखने के बावजूद कुछ अजीब होने का एहसास होता है. अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं और कुछ नया देखना चाहते हैं, तो ‘काली खेती’ आपको निराश नहीं करेगी.
फिल्म की कहानी
हारिस इम्तियाज खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, शरद केलकर, नेहा सर्गम, शाजी चौधरी, वीरेंद्र सक्सेना और स्पंदन अहम भूमिकाओं में हैं. करीब 1 घंटा 49 मिनट की इस फिल्म की कहानी एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है. रोहित (शरद केलकर) अपनी पत्नी राधा (नेहा सर्गम) और बेटे राजू (स्पंदन) के साथ गांव में रहता है. एक दिन वह अपने पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है. वहां पहुंचने के बाद किशन को धीरे-धीरे कुछ ऐसी चीजें महसूस होने लगती हैं, जो सामान्य नहीं हैं.
मिलेंगे सवालों के जवाब
रोहित बार-बार खेती के बदलते तरीकों और नई खेती की बात करता है, लेकिन इस पूरे मामले में कुछ ऐसा है जो दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है. आखिर गांव में क्या चल रहा है और रोहित किस नई खेती की बात कर रहा है? इन सवालों के जवाब जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी. कहानी के ट्विस्ट को पहले से जानने के बजाय इसे सिनेमाघरों में अनुभव करना बेहतर होगा.
एक्टर्स की परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो जैकी श्रॉफ फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं. उनके किरदार में कई परतें हैं और अभिनेता ने हर भाव को शानदार तरीके से पर्दे पर उतारा है. खास बात यह है कि उनका किरदार सिर्फ डर या रहस्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसमें एक अलग तरह की कमजोरी और भावनात्मक गहराई भी नजर आती है. शरद केलकर ने भी अपने संयमित अभिनय से प्रभावित किया है. वह अपने किरदार को जरूरत से ज्यादा नाटकीय बनाए बिना प्रभावशाली बनाते हैं.
नेहा सरगम ने राधा के किरदार को अच्छी तरह निभाया है और अपनी परफॉर्मेंस में जरूरी गहराई लेकर आती हैं. वहीं, शाजी चौधरी और वीरेंद्र सक्सेना ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है. बाल कलाकार स्पंदन की मौजूदगी कहानी में मासूमियत और सहजता जोड़ती है.
काबिल-ए-तारीफ
फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि इसके निर्देशक हारिस इम्तियाज खान हैं. महज 25 साल की उम्र में अपनी पहली फिल्म का निर्देशन करना और साथ ही इसकी पटकथा और संवादों की जिम्मेदारी संभालना काबिल-ए-तारीफ है. हारिस ने हॉरर को पेश करने के लिए एक अलग रास्ता चुना है. फिल्म देखकर यह महसूस नहीं होता कि कोई नया निर्देशक अपनी पहली फिल्म बना रहा है. उनका विजन और कहानी कहने का अंदाज उन्हें एक ऐसे फिल्ममेकर के रूप में सामने लाता है, जिन पर आने वाले समय में नजर रखनी चाहिए.
तकनीकी पक्ष भी फिल्म को मजबूत बनाता है. सिनेमैटोग्राफी गांव के माहौल को रहस्यमयी और डरावना बनाने में सफल रहती है. बैकग्राउंड म्यूजिक और साउंड डिजाइन कई दृश्यों में डर को और प्रभावी बनाते हैं. सीमित बजट को देखते हुए वीएफएक्स का काम भी सराहनीय है. हालांकि, कुछ दृश्यों को थोड़ा छोटा किया जा सकता था. फिल्म की एडिटिंग और ज्यादा चुस्त होती तो इसकी रफ्तार बेहतर हो सकती थी.
फाइनल वर्डिक्ट
कुल मिलाकर ‘काली खेती’ एक अलग तरह की हॉरर फिल्म है, जो बॉलीवुड के पारंपरिक डरावने फॉर्मूले से बाहर निकलने की कोशिश करती है. जैकी श्रॉफ की शानदार परफॉर्मेंस, शरद केलकर का संयमित अभिनय और हारिस इम्तियाज खान का आत्मविश्वास से भरा निर्देशन इसे खास बनाते हैं. अगर आप कुछ नया, रहस्यमयी और सच में डराने वाला देखना चाहते हैं, तो ‘काली खेती’ सिनेमाघरों में जरूर देख सकते हैं.