Sargun Mehta: रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड और भव्य फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का शानदार ट्रेलर लॉन्च इवेंट 18 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया गया था. इस भव्य कार्यक्रम के दौरान फिल्म का खास ट्रेलर दिखाया गया. हालांकि दर्शकों के लिए आधिकारिक ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को वर्ल्डवाइड डिजिटल रूप से रिलीज किया जाएगा. इस भव्य इवेंट में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और मेकर्स ने शिरकत की. रणबीर कपूर, रवि दुबे, साईं पल्लवी, यश, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, अरुण गोविल सहित कई सितारे मंच पर नजर आए थे.
रामायण में ‘लक्ष्मण’ बने रवि दुबे
फिल्म में एक्टर रवि दुबे भगवान राम के छोटे भाई ‘लक्ष्मण’ का किरदार निभा रहे हैं. पत्नी सरगुन मेहता अपने पति रवि दुबे को नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में लक्ष्मण के किरदार में देखकर काफी भावुक हो गईं. शनिवार को दिल्ली हुए ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सरगुन भी रवि के साथ वहां पहुंची थीं.
पति को ‘लक्ष्मण’ बनते देख रो पड़ीं सरगुन मेहता
हाल ही में ‘रामायण’ के ट्रेलर लांच इवेंट की कुछ झलकियां शेयर करते हुए सरगुन ने बताया कि वो अपने पति की इस नई शुरुआत को देखकर खुद को संभाल नहीं पाईं और रोती रहीं. इंस्टाग्राम पर तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए सरगुन ने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का धन्यवाद किया और लिखा, ‘मेरा दिल खुशी से भरा हुआ है. मैं रोना बंद नहीं कर पा रही हूं और अभी कुछ लिख भी नहीं पा रही हूं. 24 जुलाई 2026 को जब ट्रेलर दुनिया के सामने आएगा, उसका इंतजार है. हमें यहां तक लाने के लिए मुकेश छाबड़ा का बहुत-बहुत धन्यवाद. हमेशा आपका एहसान रहेगा. जय श्री राम.’
The greatest honour of my life 🙏#ramayana pic.twitter.com/843UrkCcII
— Ravi Prakash Dubey (@_ravidubey) July 19, 2026
रवि दुबे ने अपने किरदार को बताया भगवान का आशीर्वाद
ट्रेलर लांच इवेंट में रवि दुबे भी अपने किरदार पर बात करते हुए भावुक हो गए थे. रवि ने लक्ष्मण के किरदार निभाने को भगवान का आशीर्वाद बताया. स्टेज पर बात करते हुए रवि की आंखें नम हो गईं थी. मंच से रवि ने इस फिल्म का हिस्सा होने पर मेकर्स का धन्यवाद किया कि उन्होंने उन पर इतना भरोसा जताया और उन्हें इस खास किरदार के लिए चुना.
फिल्म के बारे में
बात करें फिल्म की तो नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर देशभर में जबरदस्त क्रेज बना हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म को करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत के साथ बनाया जा रहा है. इस फिल्म दो पार्ट में रिलीज किया जाएगा. इसका पहला पार्ट इस साल दिवाली पर आएगा और दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर दस्तक देगा. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे. इसके अलावा काजल अग्रवाल मंदोदरी, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, लारा दत्ता, शीबा चड्ढा और अरुण गोविल जैसे कलाकार भी शामिल हैं.