Two snakes spotted at Shah Rukh Khan’s Mannat in Mumbai: बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान का मुंबई स्थित आलीशान बंगला ‘मन्नत’ आज चौंका देने वाली खबर को लेकर सुर्खियों में है. 17 अगस्त की शाम शाहरुख के बंगले ‘मन्नत’ के गार्डन एरिया में एक नहीं बल्कि दो सांप नजर आए, जिससे घर में हड़कंप मच गया. सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. इस दौरान करीब 8 फीट लंबे धामन सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया. वहीं दूसरे सांप की खोज अब भी जारी है.
मन्नत में सांप निकलने से मचा हड़कंप
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों सांप बंगले के गार्डन एरिया में एक शेड के नीचे आपस में लिपटे हुए दिखाई दिए थे, जिसके बाद तुरंत करीब रात 8 बजे स्नेक रेस्क्यूअर विक्की दुबे को बुलाया गया. इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई और सांपों की तलाश शुरू हुई. देर रात शुरू हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम को एक करीब 8 फीट लंबा इंडियन रैट स्नेक, यानी धामन मिला. हालांकि दूसरे सांप की तलाश अब भी जारी है.

1 सांप अब भी लापता
राहत की बात ये है कि ‘मन्नत’ में मिला ये विशाल सांप देखने में भले ही डरावना रहा हो, लेकिन राहत विषैला नहीं था. बता दें धामन को इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है और ये इंसानों के लिए जहरीला सांप नहीं होता. रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया. लेकिन परिसर में आवाजाही बढ़ने के बाद दूसरा सांप वहां से गायब हो गया. देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.
मन्नत में कैसे पहुंचा सांप?
दिलचस्प बात ये है कि ये घटना 17 अगस्त की शाम को हुई और उसी दिन नाग पंचमी मनाई गई. ऐसे में सोशल मीडिया पर भी लोग इस संयोग को लेकर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं. बता दें मुंबई में इन दिनों भारी बारिश के कारण सांप अपने प्राकृतिक ठिकानों से निकलकर सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश कर सकते हैं. ऐसे में ‘मन्नत’ जैसे बड़े और हरियाली वाले परिसर में सांप का जाना स्वाभाविक है. फिलहाल, एक 8 फीट लंबे धामन का सुरक्षित रेस्क्यू हो चुका है, जबकि दूसरे सांप की तलाश की खबर सामने आई है.