जैस्मिन भसीन और अली गोनी टीवी के सबसे पॉपुलर कपल्स में से एक हैं. दोनों अक्सर चर्चा में बने रहते हैं. यह कपल लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहा है और फैंस अक्सर उनकी शादी को लेकर सवाल पूछते रहते हैं. कई बार देखा गया है कि फैंस अली गोनी के इंस्टाग्राम पर पूछते हैं कि वह जैस्मिन से कब शादी करने वाले हैं. हाल ही में जैस्मिन भसीन से भी अली के साथ शादी को लेकर सवाल पूछा गया, जिसके बाद उन्होंने बेबाक अंदाज में जवाब दिया.
शादी के सवालों पर भड़कीं जैस्मिन
दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जैस्मिन भसीन से पूछा गया कि वह अली गोनी से कब शादी करेंगी. इस पर उन्होंने कहा, “तो मुझे लगता है कि आपको इससे क्या लेना-देना है? न आपको कैटरिंग का बिल भरना है और न ही शादी का डेकोरेशन करना है. आपको क्या मतलब है? जब करेंगे, तब कर लेंगे. आप अपने काम से काम रखिए. मुझे यही लगता है कि आपको इसकी क्या पड़ी है? आप अपना काम देखिए। हम जब शादी करेंगे, तब सबको पता चल जाएगा.”
जैस्मिन यहीं नहीं रुकीं. उन्होंने आगे कहा, “इससे किसी और को कोई मतलब नहीं होना चाहिए. लोगों को बस यह सवाल पूछने में मजा आने लगा है. कुछ लोगों को लगता है कि शायद यह सवाल हमें परेशान करता है, इसलिए हम इसका जवाब नहीं देते. लेकिन हमारे लिए जवाब न देने का फैसला सोच-समझकर लिया गया है. इससे हमें कोई परेशानी नहीं होती.”
लोगों के बारे में जैस्मिन ने कही ये बात
उन्होंने हंसते हुए आगे कहा, “शायद लोग अपनी शादीशुदा ज़िंदगी से खुश नहीं हैं. इसलिए उन्हें लगता है कि हम खुश क्यों हैं और हमारी ज़िंदगी भी दुखी होनी चाहिए. जब लोग बार-बार पूछते हैं कि शादी कब करोगे, तो मुझे हंसी आती है. मैं इस पर मजाक भी करती हूं और कहती हूं कि क्या सच में आप लोग ऐसा सोचते हैं? यह सिर्फ एक मजाक है. जब भी शादी होगी, सबको पता चल जाएगा. यह किसी और का मामला नहीं है. हम दोनों एक्टर्स हैं और चाहते हैं कि लोग हमें हमारे काम के लिए याद रखें, उस काम के लिए जिसमें हम पूरी मेहनत करते हैं.”
लंबे वक्त से डेट कर रहे हैं अली और जैस्मिन
बता दें कि जैस्मिन भसीन और अली गोनी लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं. दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर प्यार लुटाते नजर आते हैं और इंस्टाग्राम पर अपनी रोमांटिक तस्वीरें साझा करते रहते हैं.
यह भी पढ़ें- 9 साल बाद फिर आमने-सामने आईं शिल्पा शिंदे और हिना खान, ‘Lock Upp 2’ में छिड़ी जुबानी जंग