‘रामायण’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है, अब मेकर्स ने कुछ ऐसा किया जिसने फैंस को हैरान कर दिया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सैन डिएगो कॉमिक कॉन (SDCC) 2026 में ‘रामायण’ की पैनल चर्चा और ट्रेलर प्रीव्यू में शामिल मेहमानों को मेकर्स की ओर से खास तोहफा दिया गया.
फैंस को मिला सरप्राइज
वायरल वीडियो में एक शख्स पिंक कलर का गिफ्ट बॉक्स खोलता नजर आ रहा है. बॉक्स के अंदर सॉफ्ट कपड़े में लिपटा हुआ एक बेहद खूबसूरत शंख दिखाई दे रहा है. इस शंख पर गोल्डन नक्काशी की गई है, जिसे फिल्म ‘रामायण’ की थीम से जोड़कर देखा जा रहा है.
खास नोट ने किया हैरान
बॉक्स के अंदर Prime Focus का नाम भी नजर आ रहा है और साथ में एक खास नोट रखा हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद फैंस इस गिफ्ट की खूब चर्चा कर रहे हैं. हालांकि, यह साफ नहीं है कि यह वास्तव में फिल्म की टीम की ओर से दिया गया आधिकारिक गिफ्ट है या नहीं.
फिल्म का दिखा स्पेशल प्रीव्यू
इस साल सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में रणबीर कपूर, यश और फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा भी शामिल हुए. इवेंट में मौजूद लोगों को फिल्म का स्पेशल प्रीव्यू दिखाया गया, जिसे देखने के बाद कई दर्शकों ने इसकी भव्यता, विजुअल्स और सिनेमैटिक स्केल की जमकर तारीफ की.
ट्रेलर का फैंस को बेसब्री से इंतजार
वहीं, जिस ट्रेलर का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह तय समय पर रिलीज नहीं हो सका. पहले इसे 24 जुलाई को रिलीज किए जाने की अनाउंसमेंट की गई थी, लेकिन बाद में निर्माता नमित मल्होत्रा ने बयान जारी कर बताया कि ट्रेलर को फिलहाल टाल दिया गया है. उन्होंने कहा कि फिल्म अब सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ दुनिया भर में बड़े स्तर पर रिलीज होगी और ट्रेलर भी वैश्विक लॉन्च के साथ पेश किया जाएगा.
‘प्रथम संकल्प’ के इवेंट में दिखी झलक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेलर को जुलाई के आखिरी सप्ताह में रिलीज किए जाने की तैयारी है, हालांकि मेकर्स ने अभी नई तारीख का ऐलान नहीं किया है. इससे पहले दिल्ली में आयोजित प्रथम संकल्प इवेंट में फिल्म की खास झलक दिखाई गई थी. इसके बाद इंटरनेट पर कई कथित लीक ट्रेलर भी वायरल हुए, लेकिन उनकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.
फिल्म की स्टारकास्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. इसके अलावा सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और काजल अग्रवाल मंदोदरी की भूमिका निभा रही हैं. यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है.