Vincent Pastore: पॉपुलर हॉलीवुड सीरीज ‘सोप्रनोस’ के एक्टर विसेंट पास्टोर का निधन हो गया है. 80 साल की उम्र में विसेंट ने दुनिया को अलविदा कह दिया. एक्टर के निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए उनके को-एक्टर रहे माइकल इंपेरिओली ने दी है. सीरीज ‘सोप्रनोस’ में विसेंट ने एक गैंगस्टर का रोल किया था, जिससे उन्हें पूरे हॉलीवुड में पहचान मिली थी.
को-स्टार ने दी निधन की जानकारी
अमेरिकी एक्टर माइकल इंपेरिओली ने रविवार सुबह एक इंस्टाग्राम पोस्ट करते हुए विसेंट पास्टोर के निधन की जानकारी दी. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हमारे प्यारे दोस्त और साथी विंसेंट पास्टोर का निधन हो गया है. ये हमारे लिए बहुत मुश्किल घड़ी है. ऐसा लगता है जैसे मैं विनी को हमेशा से जानता हूं. हमने साथ में बहुत काम किया और पूरे अमेरिका के साथ-साथ इटली और ऑस्ट्रेलिया की यात्राएं भी कीं. हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया और खूब हंसी-मजाक किया. विनी एक नेक दिल इंसान और भाई जैसे थे, जो अपने परिवार और दोस्तों का बहुत ख्याल रखते थे. मुझे उनकी हमेशा याद आएगी.’
घर पर मृत पाए गए विसेंट पास्टोर
माइकल की इस पोस्ट को पढ़ते ही फैंस हैरान रह गए. अचानक विसेंट पास्टोर के निधन ने पूरे हॉलीवुड को सदमा पंहुचा है. विसेंट के निधन को लेकर मैनेजर बॉब मैकगोवन ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि उन्हें शनिवार को एक्टर की मौत के बारे में विसेंट क्यूरेटोला से पता चला, जो उनके एक और क्लाइंट और एक्टर हैं. मैकगोवन ने बताया कि विसेंट पास्टोर कुछ दिनों से किसी के भी संपर्क में नहीं थे, जिसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क के सिटी आइलैंड स्थित उनके घर पर मृत पाया गया.
अमेरिकन नेवी में भी थे विसेंट पास्टोर
फिल्मी करियर की बार करें तो साल 1980 से ही विसेंट पास्टोर फिल्मों से जुड़े थे. 90 के दशक में उन्हें खूब पॉपुलैरिटी मिली. उन्होंने कई हॉलीवुड फिल्मों में शानदार किरदार निभाया. पॉपुलर सीरीज ‘सोप्रनोस’ से उन्हें दुनियाभर में पहचान मिली थी. एक्टर बनने से पहले विसेंट पास्टोर अमेरिकन नेवी में भी थे, उन्होंने वियतनाम युद्ध में भी भाग लिया था.