Tay Keith Passes Away: म्यूजिक और हिप-हॉप इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है. दुनिया के कई बड़े रैपर्स को अपनी धुनों पर नचाने वाले मशहूर अमेरिकी म्यूजिक प्रोड्यूसर टे कीथ का महज 29 साल की उम्र में निधन हो गया है. इस बेहद युवा और टैलेंटेड आर्टिस्ट की मौत की खबर ने पूरी दुनिया के म्यूजिक लवर्स और उनके करोड़ों फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है. सोशल मीडिया पर फैंस और हॉलीवुड के दिग्गज कलाकार उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं. अपने छोटे से करियर में सफलता के शिखर को छूने वाले इस प्रोड्यूसर ने रैप म्यूजिक को कई ऐसे कल्ट गाने दिए, जो हमेशा के लिए अमर हो गए.
ड्रेक और एमिनेम जैसे दिग्गजों के साथ किया काम
टे कीथ ने हिप-हॉप इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर गाने दिए हैं. साल 2018 में उन्होंने मशहूर रैपर ड्रेक (Drake) के सुपरहिट गाने ‘नॉनस्टॉप’ (Nonstop) के लिए कड़क बीट्स तैयार की थीं, जिसने रिलीज होते ही बिलबोर्ड चार्ट पर नंबर-2 से शुरुआत की थी. इसके तुरंत बाद उन्होंने एमिनेम (Eminem) के प्लैटिनम एल्बम ‘कामीकाजी’ के मशहूर ट्रैक “नॉट अलाइक” पर काम किया. इतना ही नहीं, उनके द्वारा को-प्रोड्यूस किया गया ट्रेविस स्कॉट का गाना “सिको मोड” (Sicko Mode) दुनिया भर में नंबर-1 ट्रेंडिंग गाना बना था.
14 साल की उम्र से बीट्स बनाने का सफर
अमेरिका के मेम्फिस के रहने वाले टे कीथ को बचपन से ही म्यूजिक का बेहद शौक था और उन्होंने महज 14 साल की छोटी सी उम्र से ही गानों की बीट्स बनाना शुरू कर दिया था. करियर के शुरुआती दिनों में उनकी मुलाकात मेम्फिस के ही मशहूर रैपर ब्लॉकब्वॉय जेबी (BlocBoy JB) से हुई. साल 2017 की गर्मियों में इन दोनों का साथ में बनाया गया गाना “शूट” (Shoot) इंटरनेट और सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया था, जिसने टे कीथ को रातों-रात स्टार बना दिया.
मास कम्युनिकेशन में हासिल की थी डिग्री
म्यूजिक में बंपर सफलता हासिल करने के साथ-साथ टे कीथ पढ़ाई में भी काफी आगे थे. उन्होंने मिडिल टेनेसी स्टेट यूनिवर्सिटी (MTSU) से मास कम्युनिकेशन में बैचलर की डिग्री हासिल की थी, जिसमें उनका मुख्य फोकस मीडिया मैनेजमेंट पर था. हालांकि, यह कोर्स उनकी उम्मीदों से थोड़ा अलग था क्योंकि इसमें मीडिया इंडस्ट्री के कर्मचारियों को संभालने और प्रेरित करने के तरीके सिखाए जाते थे, लेकिन टे कीथ का मानना था कि इस पढ़ाई ने उन्हें जीवन में नेटवर्किंग और बेहतरीन कम्युनिकेशन स्किल्स (बातचीत का तरीका) सिखाईं.
टीचर को आखिरी दिन पता चली थी सफलता की बात
टे कीथ अपनी कॉलेज लाइफ में बेहद सादगी से रहते थे, जिसके कारण यूनिवर्सिटी के कई लोगों को उनकी इस भारी सफलता का अंदाजा भी नहीं था. उनसे जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा है कि उनकी एक प्रोफेसर को क्लास के आखिरी दिन तक यह मालूम ही नहीं था कि वे इतने बड़े स्टार बन चुके हैं. जब प्रोफेसर को उनकी कामयाबी का पता चला, तो उन्होंने हैरान होकर मजाकिया अंदाज में कहा था, “अरे, तुम तो अपने इस काम से अपने सारे स्टूडेंट लोन चुटकियों में चुका सकते हो.”