Yami Gautam-Aditya Dhar: ‘धुरंधर’ डायरेक्टर आदित्य धर और उनकी पत्नी एक्ट्रेस यामी गौतम ने बड़ा फैसला लिया है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि आदित्य धर और उनकी पत्नी यामी गौतम ने मुंबई छोड़ दिया है और अब हिमाचल प्रदेश में बसने का फैसला किया है, जहां यामी गौतम का मायका भी है. यामी के पति आदित्य धर दिल्ली में कश्मीरी पंडित परिवार में पैदा हुए और पले-बड़े हैं. कपल के इस फैसले की खूब सराहना हो रही है. हालांकि, दोनों काम के सिलसिले में लगातार मुंबई आते-जाते रहेंगे.
आदित्य धर-यामी गौतम ने छोड़ा मुंबई
‘फ्री प्रेस जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यामी गौतम धर और फिल्ममेकर आदित्य धर ने अपना स्थायी ठिकाना हिमाचल प्रदेश में बना लिया है. यामी के लिए हिमाचल प्रदेश हमेशा से ही खास रहा है. उनका जन्म यहीं हुआ है. शादी से पहले यामी गौतम ने मंडी के गोहर में 25 एकड़ जमीन पर बना 100 साल पुराना हेरिटेज घर खरीदा था. ये उनके परिवार और बचपन की यादों से गहराई से जुड़ा हुआ है. बताया जा रहा है कि कपल अब इसी घर में साथ रहेगा.

हिमाचल में रहेगा कपल
बया दें यामी गौतम और आदित्य धर ने पांच साल पहले 04 जून 2021 को मंडी की इसी प्रॉपर्टी में शादी रचाई थी. हिमाचल में उनका ये घर लकड़ी और पत्थर से बना है और इसके चारों ओर बगीचे हैं. इसके चारों ओर हरियाली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यामी ने इस प्रॉपर्टी को किसी आलीशान सेलिब्रिटी होम में बदलने के बजाय, इसे सादा ही रखना पसंद किया है. यामी और उनके पति आदित्य ज्यादातर लाइमलाइट से दूर रहना ही पसंद करते हैं. ऐसे में कपल का मुंबई की चहल-पहल से दूर हिमाचल में बसना उनकी सादगी की असली पहचान है.
पति-पत्नी को एक साथ मिला नेशनल अवॉर्ड
‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का निर्देशन आदित्य धर ने ही किया है. इन दोनों ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने आदित्य धर को इंडस्ट्री के सबसे चर्चित डायरेक्टर में से एक की लाइन में ला दिया. दुनियाभर में उनकी सराहना हुई. इसके बावजूद आदित्य बहुत कम ही पब्लिकली नजर आते हैं. आदित्य लाइमलाइट से हमेशा ही दूर रहते आए हैं. हाल ही गुजरात के एकता नगर में आयोजित नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में उन्हें और उनकी पत्नी यामी को देखा गया था. इवेंट में जहां यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला, वहीं आदित्य धर को भी इस फिल्म के लिए बतौर प्रोड्यूसर राष्ट्रीय पुरस्कार मिला.