Alpha Trailer X Review: आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की मोस्ट अवेटेड स्पाई-एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. ट्रेलर में दमदार एक्शन, हाई-वोल्टेज स्टंट्स और दोनों एक्ट्रेसेस की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं ऋतिक रोशन के कैमियो ने. ट्रेलर के आखिर में मेजर कबीर धालीवाल के रूप में उनकी कुछ सेकेंड की झलक ने फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है.
एक्स पर आई यूजर्स के रिएक्शन की बाढ़
ट्रेलर सामने आते ही एक्स पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स का मानना है कि ऋतिक रोशन की छोटी सी एंट्री पूरे ट्रेलर का सबसे बड़ा हाईलाइट बन गई. एक फैन ने लिखा, ‘ये 10 सेकेंड पूरे ट्रेलर पर भारी पड़ गए. मेजर कबीर की स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की है.’ वहीं दूसरे यूजर ने कहा, ‘सिर्फ यह कैमियो ही थिएटर को स्टेडियम जैसा माहौल देने के लिए काफी है.’
क्या कहना है यूजर्स का?
कई फैंस ने ऋतिक की वापसी को लेकर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि उनकी एंट्री ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है. हालांकि, ट्रेलर को लेकर सभी की राय एक जैसी नहीं रही. कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर कैमियो इतना बड़ा सरप्राइज था तो उसे ट्रेलर में दिखाने की जरूरत क्यों पड़ी. एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि स्पाई यूनिवर्स में पहली बार किसी बड़े कैमियो की झलक ट्रेलर में दिखाई गई है.
आलिया-शरवरी को देख क्या बोले फैंस?
वहीं फिल्म के एक्शन सीक्वेंस भी चर्चा में हैं. दर्शकों ने खास तौर पर आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के फाइट सीन, एरियल स्टंट्स और स्क्रीन केमिस्ट्री की तारीफ की है. कई लोगों का कहना है कि बड़े पैमाने पर महिला प्रधान स्पाई एक्शन फिल्म देखने का अनुभव नया और रोमांचक होने वाला है. हालांकि, कुछ दर्शकों को लगा कि ट्रेलर में शरवरी के किरदार को उम्मीद से कम स्क्रीन स्पेस मिला है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जो इस प्रोजेक्ट के जरिए निर्देशन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं. यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा बनी ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट, शरवरी वाघ के अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. बहरहाल, अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रेलर के बाद बना यह जबरदस्त माहौल फिल्म की रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करता है. ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.