बॉलीवुड का वो एक्टर जिसने शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय जैसे बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर की, वो आज बदहाली की हालत में है, हम अभिनेता शरद कपूर की बात कर रहे हैं, जिन्होंने ‘जोश’ फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाकर लोगों को हैरान कर दिया था, और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली थी, इस सितारे का हाल ही में एक वीडियो सामने आया है. जिसमें वो अपने 4 पेट (डॉग) के साथ नजर आ रहे थे, जिसमें उनकी हालत देखकर हर कोई चौंक गया, अब इंडस्ट्री के लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं.
शरद कपूर से मिलने पहुंचीं जया भट्टाचार्य
अभिनेत्री जया भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें उन्होंने शरद कपूर से अपनी मुलाकात का अनुभव बताया. जया के मुताबिक, साल 2001 में उनकी शरद कपूर से मुलाकात हुई थी. अब इतने सालों बाद दोबारा उनसे मिलकर वह चाहती हैं कि अभिनेता को फिर से काम मिले.
एक्सट्रेस ने शरद के लिए की मदद की अपील
जया ने फिल्ममेकर्स और नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे शरद कपूर को अपने किरदारों के लिए जरूर कंसीडर करें. उन्होंने यह भी कहा कि किसी कलाकार के लिए थोड़ा सा सहयोग भी बहुत मायने रखता है. जया की इस अपील के बाद उम्मीद की जा रही है कि अभिनेता को इंडस्ट्री में दोबारा काम करने का मौका मिल सकता है.
फुटबॉल खेलते वक्त लगी थी गंभीर चोट
शरद कपूर ने अपनी जिंदगी से जुड़ी एक मुश्किल के बारे में भी बताया. अभिनेता के मुताबिक, बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते वक्त उनके पैर में गंभीर चोट लग गई थी. वह कुछ अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेल रहे थे. इसी दौरान एक खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया, जिससे उन्हें चोट लगी. इस हादसे के बाद उन्हें शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा.
NGO की संस्थापक ने भी की थी मदद की पहल
इससे पहले जुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर शरद कपूर की स्थिति के बारे में बताया था. उन्होंने कहा था कि वह अभिनेता को करीब 30 साल से जानती हैं. उनकी मौजूदा हालत की जानकारी मिलने के बाद वह उनसे मिलने पहुंची थीं.
पत्नी और छोटे बच्चे के साथ रहते हैं शरद
हेमा के मुताबिक, शरद कपूर अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ रहते हैं. उनके घर में चार पालतू कुत्ते भी हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में परिवार के लिए उनकी देखभाल करना मुश्किल हो रहा है. ऐसे में कुत्तों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का फैसला लिया गया.
‘जोश’ से मिली थी खास पहचान
शरद कपूर ने साल 1994 में फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 2000 में आई शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ से मिली. इसमें उन्होंने प्रकाश शर्मा का नेगेटिव किरदार निभाया था. फिल्म में उनके अभिनय को पसंद किया गया और उन्हें बेस्ट विलेन के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड का नॉमिनेशन भी मिला था.