Salman Khan: बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान (Salman Khan) और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच सालों से चली आ रही दुश्मनी को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. 1998 के काले हिरण शिकार मामले के 28 साल बाद लॉरेंस बिश्नोई के सगे चाचा रमेश बिश्नोई ने सलमान खान को एक खास ऑफर दिया है. उन्होंने कहा है कि अगर सलमान बिश्नोई समाज के मुक्ति धाम मुकाम मंदिर आकर नमन करते हैं और माफी मांग लेते हैं, तो बिश्नोई समाज उन्हें सुरक्षा भी देगा और यह पूरा विवाद हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा.
बिश्नोई समाज के स्थापना दिवस पर चाचा रमेश बिश्नोई का बड़ा बयान
बिश्नोई समाज के 542वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सगे चाचा रमेश बिश्नोई ने एक नया और चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सलमान खान को बिश्नोई समाज से माफी मांग लेनी चाहिए ताकि यह पूरा मामला हमेशा के लिए खत्म हो सके और शांति बन सके.
मंदिर में नमन करने पर मिलेगी सुरक्षा
ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, रमेश बिश्नोई ने एक खास शर्त रखते हुए कहा कि अगर सलमान खान बिश्नोई समाज के पवित्र स्थल ‘मुक्ति धाम मुकाम मंदिर’ में आकर नमन करते हैं और दिल से माफी मांगते हैं, तो बिश्नोई समाज खुद आगे बढ़कर सलमान खान को सुरक्षा भी प्रदान करेगा.
‘हिंसा का समर्थन नहीं करते, कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं’
रमेश बिश्नोई ने साफ किया कि वह किसी भी तरह की हिंसा, हमला या हत्या का समर्थन नहीं करते हैं. उन्होंने कहा, “ना तो मैं किसी किलिंग या अटैक को सपोर्ट करता हूं और ना ही मैंने सलमान के घर पर हुए हमले का समर्थन किया था. हमारी या लॉरेंस की सलमान से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. हम बस इतना चाहते हैं कि हमारे समाज में जो गुस्सा है, वह माफी के जरिए शांत हो जाए.”
बॉलीवुड सेलिब्रिटीज पर बढ़ता जा रहा है बिश्नोई गैंग का खौफ
सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी के बाद से बॉलीवुड में दहशत का माहौल है. पिछले दिनों एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ, वहीं हाल ही में तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई थी, जिससे एक्टर्स की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ का फैंस को इंतजार
सलमान खान की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो वह आखिरी बार 2025 में आई फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आए थे. अब फैंस उनकी अगली फिल्म ‘मातृभूमि’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ चित्रांगदा सिंह नजर आने वाली हैं. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फैंस सलमान से जल्द ही इसकी रिलीज डेट अनाउंस करने की मांग कर रहे हैं.