Ramayana Controversy: बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है. फिल्म ने भारत में 800 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म का कलेक्शन 1,483.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इसके साथ ही फिल्म 1500 करोड़ के और करीब पहुंच गई है. इसी बीच नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ विवादों में फंस गई. दरअसल, हिंदू जनजागृति समिति ने फिल्म के कई सीन को लेकर आपत्ति जताई है. साथ ही उन्होंने फिल्म को बॉयकॉट करने की भी मांग की है. चलिए मामला विस्तार से समझते हैं.
हिंदू संगठन ने जाहिर की नाराजगी
द फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ अपने कुछ सीन को लेकर विवादों में आ गई है. हिंदू जनजागृति समिति समेत मुंबई के हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया है कि फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की लिखी ओरिजिनल कहानी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. इस विवाद के बीच, हिंदू ऑर्गनाइजेशन ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है और फिल्म को लेकर मेकर्स और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) पर सवाल उठाए हैं.
लक्ष्मण का किरदार
मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि नितेश तिवारी की फिल्म में रावण का महिमामंडन किया गया है और महाकाव्य की कई खास घटनाओं को बदल दिया गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लक्ष्मण को खराब रोशनी में दिखाया गया है. वहीं, भगवान राम को एक व्यक्ति की तरह दिखाया गया है, जो उनकी बहादुरी के खिलाफ है.
बॉयकॉट करने की अपील
हिंदू जनजागृति समिति (HJS) ने कहा कि रामायण का करोड़ों हिंदुओं के लिए गहरा धार्मिक महत्व है. हालांकि, संगठन के अनुसार, फिल्म ‘कम्युनिस्ट’ एजेंडे को बढ़ावा देती दिखती है. इसने हिंदुओं से फिल्म का बॉयकॉट करने की भी अपील की. उन्होंने पूछा, ‘सेंसर बोर्ड हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति इतना असंवेदनशील क्यों है? यह एक ऐसा सवाल है जिसे हम उठाना चाहते हैं.’
CBFC पर उठाए सवाल
हिंदू जनजागृति समिति के स्टेट ऑर्गनाइजर सुनील घनवत ने आरोप लगाया कि CBFC अक्सर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को नजरअंदाज करता है, जबकि दूसरे समुदायों की भावनाओं का सम्मान करता है. उन्होंने ‘मैसेंजर ऑफ गॉड’, ‘द दा विंची कोड’ और ‘कमाल धमाल मालामाल’ का उदाहरण दिया और सवाल किया कि सभी फिल्मों के लिए एक जैसे नियम क्यों नहीं अपनाए गए.