Ramayana: 4000 करोड़ रुपये की रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में है. फिल्म की कमाई से लेकर इसके भव्य सेट और बजट तक, हर चीज सुर्खियां बटोर रही है. इसी बीच फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने ‘रामायण’ के बजट को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. उनका कहना है कि फिल्म के पहले पार्ट को 2000 करोड़ नहीं, बल्कि 800 करोड़ रुपये से भी कम लागत में तैयार किया गया है. इतना ही नहीं, उन्होंने भविष्यवाणी कर दी है कि ‘रामायण पार्ट 2’ पहले पार्ट से 10 गुना ज्यादा कमाई कर सकती है.
मां खरीद रही हैं ‘रामायण’ के टिकट
राम गोपाल वर्मा ने 15 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट शेयर की. इसमें उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की जमकर तारीफ की. उन्होंने अपनी मां से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी बताया. राम गोपाल के मुताबिक, उनकी मां उनके करियर की बेहतरीन फिल्मों के लिए भी ऐसा नहीं करती थीं, लेकिन अब वह अपने रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में काम करने वाले हाउस हेल्प और सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए खुद ‘रामायण’ के टिकट खरीद रही हैं.
फिल्म के पहले पार्ट को लेकर क्या बोले डायरेक्टर?
फिल्ममेकर ने कहा कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है और यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल होने की तरफ बढ़ रही है.
800 करोड़ से कम है पहले पार्ट का बजट!
राम गोपाल वर्मा ने उन खबरों पर भी सवाल उठाए, जिनमें ‘रामायण’ के दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. उनका दावा है कि पहले पार्ट की वास्तविक लागत 800 करोड़ रुपये से थोड़ी कम है. इसमें ग्लोबल टैक्स बेनिफिट्स, सब्सिडी और आपसी फायदे वाली डील्स भी शामिल हैं. इन सबके चलते फिल्म की प्रभावी लागत और कम हो सकती है.
‘क्लाइमैक्स पर होता है ज्यादा खर्च’
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पार्ट का बजट एक जैसा मानना गलत है. फिल्म के अलग-अलग हिस्सों और खासकर क्लाइमैक्स पर होने वाला खर्च काफी अलग हो सकता है.
‘पार्ट 2 में दिखेगा जबरदस्त एक्शन’
राम गोपाल वर्मा के मुताबिक, ‘रामायण’ की दुनिया तैयार करने में काफी पैसा खर्च हुआ है, लेकिन इसका फायदा आगे भी मिलेगा. क्योंकि इन एसेट्स का इस्तेमाल दूसरे पार्ट के अलावा गेमिंग और अन्य प्रोजेक्ट्स में किया जा सकता है.
डायरेक्टर ने की दूसरे पार्ट को लेकर ये भविष्यवाणी
उन्होंने अनुमान लगाया कि पहले पार्ट की कमाई से नमित मल्होत्रा दोनों फिल्मों की लागत तक वसूल सकते हैं. वहीं दूसरे पार्ट में हनुमान जी के कारनामे, वानर सेना, राम सेतु, लंका दहन और रावण वध जैसे बड़े सीक्वेंस देखने को मिलेंगे.
‘रामायण 2′ करेगी 10 गुना ज्यादा कमाई?’
राम गोपाल वर्मा ने फिल्म ‘KGF 2’ का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह ‘KGF 2’ ने पहले पार्ट से करीब पांच गुना ज्यादा कारोबार किया था, उसी तरह उन्हें उम्मीद है कि ‘रामायण 2’ पहले पार्ट से 10 गुना ज्यादा कमाई कर सकती है.
‘नमित मल्होत्रा भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े फिल्ममेकर’
आखिर में उन्होंने नमित मल्होत्रा को भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा मेगा फिल्ममेकर तक बता दिया. हालांकि, ये सभी राम गोपाल वर्मा के अपने दावे और अनुमान हैं. अब देखना होगा कि फिल्म के दोनों पार्ट बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड बनाते हैं.