मुंबई से पिछले दिनों जैकी श्रॉफ पर जानलेवा हमला करने की खबर सामने आई थी, जुहू में उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था. अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. मुंबई की मेयर को धमकी भरा ईमेल पहुंचा है, जिसमें दोनों सितारों को निशाने पर लेने की बात कही गई है. इतना ही नहीं, मुंबई में दिलजीत के अपकमिंग कॉन्सर्ट को भी धमकी दी गई है. वहीं, दिल्ली में होने वाले सिंगर के शो को सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं मिलने की खबर ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है.
मुंबई की मेयर को मिला धमकी भरा ईमेल
शुक्रवार सुबह मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला. रिपोर्ट के मुताबिक, इस ईमेल में मेयर के कार्यालय के साथ-साथ 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई है. ईमेल में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन का भी जिक्र करते हुए उन्हें निशाना बनाने की धमकी दी गई.
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस खबर के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, धमकी से जुड़ी ज्यादा जानकारी और उसकी गंभीरता को देखते हुए अभी ज्यादा विवरण सामने नहीं आया है.
दिल्ली में दिलजीत के कॉन्सर्ट को नहीं मिली अनुमति
दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर’ 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाला था, लेकिन ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इस इवेंट को करने से इनकार कर दिया है.
स्कूलों को भी मिले थे धमकी भरे ईमेल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 15 अक्टूबर को दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी वाले फर्जी ईमेल मिले थे. इनमें छात्रों को 30 अक्टूबर को दिलजीत के कॉन्सर्ट में नहीं जाने की चेतावनी भी दी गई थी. ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे. ब्रिटिश स्कूल, माउंट कार्मेल और अहलकॉन के स्कूलों समेत छह संस्थानों को ऐसे ईमेल मिलने की बात सामने आई.
क्या आया दिलजीत की ओर से रिएक्शन?
फिलहाल, दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से इस पूरे मामले पर कोई ऑफीशियल अनाउंसमेंट सामने नहीं आई है. ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि दिल्ली के कॉन्सर्ट को लेकर आगे क्या फैसला होता है और मुंबई में मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां क्या कदम उठाती हैं?