Katrina Kaif on Husband Vicky Kaushal: बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ इस समय आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा में बनी हुई हैं. हाल ही में दिवाली के खास मौके पर उन्होंने अपने बेटे विहान का चेहरा रिवील किया और फैंस से उन्हें रूबरू करवाया. इसके अलावा, कैटरीना कैफ बिजनेस वर्ल्ड में भी काफी पॉपुलर हो रही हैं. कैटरीना कैफ इन दिनों पूरी तरह से अपने ब्यूटी ब्रांड को आगे बढ़ाने में लगी हुई हैं. हाल ही में, कैटरीना ने वर्क लाइफ बैलेंस पर बात करते हुए अपने पति विक्की कौशल की खूब तारीफ की और सरेआम उनके लिए अपना प्यार जाहिर किया है. चलिए जानते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा है.
वर्क लाइफ बैलेंस पर बोलीं कैटरीना
CNBC-TV18 को एक एंटरप्रेन्योर के तौर पर दिए एक इंटरव्यू में कैटरीना कैफ ने बताया कि वो अपने ब्यूटी ब्रांड से किस हद तक जुड़ी हुई हैं. इसके साथ ही कैटरीना ने काम और घर की जिंदगी के बीच बैलेंस बनाने के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि उनके पति विक्की कौशल अक्सर उनका फोन उनके हाथ से लेकर दूर रख देते हैं और रेस्ट करने के लिए कहते हैं.
घंटे नहीं गिनते या घड़ी नहीं देखते…
कैटरीना कैफ ने बताया कि अपना ब्यूटी ब्रांड बनाने के लिए बहुत ज्यादा कमिटमेंट की जरूरत होती है, जिससे रेगुलर काम के घंटों पर टिके रहना मुश्किल हो जाता है. कैटरीना ने कहा, ‘आप घंटे नहीं गिन सकते. लेकिन मेरी जिंदगी में एक इंसान है, जो उन्हें गिनता रहता है और वो हैं मेरे पति, जो मुझसे कहते रहते हैं कि अपना फोन नीचे रख दो. लेकिन जब आप किसी चीज को लेकर पैशनेट होते हैं, तो आप घंटे नहीं गिनते या घड़ी नहीं देखते. ऐसा भी होता है कि हम रविवार को भी काम पर बात करते रहते हैं.’
वह मेरे हिस्टीरिया की शांति…
इस दौरान कैटरीना कैफ ने विक्की कौशल को सपोर्टिव हसबैंड बताया. कैटरीना कैफ ने कहा, ‘वह मेरे हिस्टीरिया की शांति हैं. मुझे लगता है कि आपको खुद के साथ अच्छा बर्ताव करना होगा. खुद को समय और थोड़ी जगह दें और जैसे-जैसे ये रोल बदलते हैं, उनमें खुद को ढालने दें. चाहे आप एक्टर हों, बिजनेसवुमन हों, पत्नी हों या मां हों, आपको खुद को यह समझने के लिए समय देना होगा कि सब कुछ कैसे बैलेंस करना है.’
मेरे पति बहुत सपोर्टिव…
कैटरीना ने आगे कहा, ‘अगर आप हर बार सही नहीं कर पाते हैं या ऐसा समय आता है, जब आप खुद को बहुत ज्यादा परेशान महसूस करते हैं और सब कुछ मैनेज करने की कोशिश में इधर-उधर भाग रहे होते हैं, तो आपको खुद पर दया करनी होगी. मेरे पति बहुत सपोर्टिव हैं. वह मेरे गुस्से की शांति हैं.’