बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने पुराने विवाद को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने एक्टर ऋतिक रोशन पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट शेयर किया है. कंगना ने ऋतिक को सलाह दी कि वे ‘आग में घी डालना बंद करें’ और उन लोगों का समर्थन न करें जो उनके नाम का इस्तेमाल करके उन्हें ट्रोल करते हैं.
कंगना ने ऋतिक को लगाई फटकार
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड देखने को मिला, जिसमें कुछ यूजर्स ने कहा कि दुनिया को ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए. यह ट्रेंड कंगना रनौत के हालिया बयानों के बाद शुरू हुआ. इसी बीच एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की पोस्ट पर ऋतिक रोशन ने भी अपना रिएक्शन दिया, जिसके बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्हें जवाब दिया.
पोस्ट शेयर कर दी हिदायद
कंगना ने अपनी स्टोरी में लिखा, ‘डियर ऋतिक, मुझे खुशी है कि आपको अपना परफेक्ट मैच मिल गया है. आप और सबा आजाद साथ में बहुत अच्छे लगते हैं. आप एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं, इसलिए किसी महिला को इस तरह परेशान करना आपको शोभा नहीं देता.’

पार्टनर को शर्मिंदा न करने की कही बात
उन्होंने आगे लिखा कि ऋतिक को उन लोगों की आलोचना करनी चाहिए जो उनके नाम का इस्तेमाल करके उन्हें बुली कर रहे हैं. कंगना ने कहा, ‘आग में घी डालना और अपने पार्टनर को शर्मिंदा करना बंद करें. उम्मीद है कि आप सही बात समझेंगे और बेमतलब की बातें करना छोड़ देंगे.’
ऋतिक रोशन की पोस्ट हुई थी वायरल
वहीं, ऋतिक रोशन ने उस वायरल पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा था, ‘सिर्फ इसलिए ‘A’ का साथ देना क्योंकि आपको ‘B’ पसंद नहीं है, हमारे समाज की बड़ी समस्या का हिस्सा है. मैं सही तथ्यों और पूरे संदर्भ के सामने आने का इंतजार करूंगा.’
कंगना का क्या है विवाद?
इस पूरे विवाद की शुरुआत हाल ही में कंगना रनौत और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास के बीच हुई जुबानी जंग से हुई थी. कंगना ने सौरव दास को ‘बेरोजगार’ और ‘बेकार’ बताया था. इसके जवाब में सौरव दास ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद कंगना उन्हें इसलिए निशाना बना रही हैं क्योंकि वे थोड़े बहुत युवा ऋतिक रोशन जैसे दिखते हैं.
सौरव दास ने क्या कहा था?
सौरव दास का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसे कंगना और ऋतिक के पुराने विवाद से जोड़ना शुरू कर दिया. इसके बाद ‘ऋतिक से माफी मांगो’ वाला ट्रेंड चल पड़ा और अब कंगना के नए पोस्ट ने इस पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है.
सोशल मीडिया पर छाया विवाद
हालांकि, ऋतिक रोशन ने सीधे तौर पर कंगना का नाम नहीं लिया था, लेकिन कंगना ने उनकी टिप्पणी को अपने ऊपर तंज मानते हुए खुलकर जवाब दिया. अब दोनों सितारों से जुड़ा यह पुराना विवाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है.