Govinda: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में एक्टर अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे. दोनों को साथ देखकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं. कई यूजर्स ने गोविंदा को ट्रोल किया, वहीं उनकी पत्नी सुनीता आहूजा को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गईं. अब इस पूरे मामले पर गोविंदा ने खुलकर अपनी बात रखी है.
रानी संग मंदिर जाने पर क्या बोले गोविंदा?
ANI से बातचीत में गोविंदा ने बताया कि वह लालबागचा राजा के दर्शन अपनी आने वाली फिल्म ‘रूपा’ के लिए आशीर्वाद लेने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं है जब वह किसी को-स्टार के साथ मंदिर गए हों. इससे पहले वह करिश्मा कपूर और रवीना टंडन के साथ भी मंदिर जा चुके हैं.
‘पहले भी अपने को-स्टार के साथ किए दर्शन’
एक्टर ने कहा कि करिश्मा के साथ मंदिर जाना उनके लिए अच्छा साबित हुआ और उनकी फिल्में हिट हुईं. इसी वजह से वह रानी के साथ भी बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे. गोविंदा ने यह भी कहा कि वह लंबे समय बाद किसी फिल्म पर काम कर रहे हैं और चाहते हैं कि फिल्म को भगवान का आशीर्वाद मिले.
‘हमारा अफेयर है तो भी लोगों का विषय नहीं’
कोमल रानी स्वर्णकार के साथ अपने रिश्ते की चर्चा पर गोविंदा ने कहा कि अगर उनके और रानी के बीच कोई अफेयर है भी, तो यह लोगों का विषय नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं और रानी के साथ उनका रिश्ता प्रोफेशनल है.
गोविंदा ने जताई नाराजदी
एक्टर ने सोशल मीडिया पर चल रही बातों को लेकर नाराजगी भी जाहिर की. उन्होंने दावा किया कि उन्हें परिवार से दूर करने और समाज में उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. गोविंदा के मुताबिक, जब वह कई साल तक चुप रहे तब किसी को परेशानी नहीं थी, लेकिन अब जब वह दोबारा काम कर रहे हैं तो उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
सुनीता भी लगा चुकी हैं आरोप
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी लंबे समय से चर्चा में रही है. सुनीता ने कई इंटरव्यू में गोविंदा पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए हैं. हालांकि, गोविंदा इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं.
वर्कफ्रंट की बात करें तो गोविंदा जल्द ही फिल्म ‘रूपा’ में नजर आएंगे. फिल्म को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है और रानी स्वर्णकार के साथ उनकी जोड़ी भी सुर्खियां बटोर रही है.