Film Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Legal Trouble: फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन इन दिनों सुर्खियों में हैं. अब इस फिल्म के गाने का विवाद कोर्ट तक पहुंच गया है. विवाद के बीच में प्रोड्यूसर वासु भगनानी ने कुछ ऐसा किया है, जिससे टिप्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रमेश तौरानी, कुमार एस तौरानी और डेविड धवन को जोर का झटका लगा है. दरअसल, वासु भगनानी ने इन सभी के खिलाफ बिना अनुमति के आइकॉनिक सॉन्ग ‘चुनरी-चुनरी’ का रीमेक बनाने पर 400 करोड़ रुपये का केस कर दिया है. चलिए, ये पूरा मामला समझते हैं.

कोर्ट तक पहुंचा ‘चुनरी-चुनरी’ का विवाद
वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के रिमेक सॉन्ग का विवाद दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है. प्रोड्यूसर वासु भगनानी लगातार फिल्म के मेकर्स पर आरोप लगा रहे हैं कि ‘चुनरी-चुनरी’ सॉन्ग को बिना उनकी इजाजत इस फिल्म में इस्तेमाल किया गया है. पिछले एक महीने से चल रहे इस विवाद के बीच मेकर्स ने कुछ समय पहले इसका ट्रेलर रिलीज किया. अगले हफ्ते यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन रिलीज से पहले वासु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट ने बॉम्बे हाई कोर्ट में फिल्म के मेकर्स के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है, जिसमें उन्होंने कोर्ट से तुरंत राहत की मांग की है.
400 करोड़ रुपये का मुकदमा
वासु भगनानी की कंपनी ने अपनी इस याचिका में हाई कोर्ट से फिल्म की रिलीज, प्रोमोशनल मटीरियल, स्ट्रीमिंग, कमर्शियल प्रमोशन और डिस्ट्रिब्यूशन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. इसके अलावा, पूजा एंटरटेनमेंट ने अपनी याचिका में फिल्म का नाम बदलने और फिल्म के दो गानों (‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना’) को मूवी से हटाने की भी मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने 100 करोड़ रुपये के अतिरिक्त हर्जाने की मांग की है. ANI से बात करते हुए पूजा एंटरटेनमेंट के वकील वीके दुबे ने बताया कि उन्होंने टिप्स म्यूजिक कंपनी के खिलाफ 400 करोड़ रुपये के दावे के साथ एक मुकदमा दायर किया है.