बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने कथित मीठी नदी डीसिल्टिंग घोटाले से जुड़े मामले में एक्टर को गिरफ्तार किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तारी से पहले EOW के अधिकारियों ने डिनो से उनके बांद्रा स्थित घर पर करीब 8 घंटे तक पूछताछ की. यह मामला मुंबई की मीठी नदी की सफाई और उसके कायाकल्प से जुड़े काम में कथित वित्तीय गड़बड़ियों का है.
मीठी नदी घोटाले में क्या है मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मीठी नदी से गाद निकालने यानी डीसिल्टिंग के लिए दिए गए कॉन्ट्रैक्ट्स में कथित तौर पर अनियमितताएं सामने आई थीं. जांच में यह देखा जा रहा है कि इन कॉन्ट्रैक्ट्स को किस तरह दिया गया और इनके लिए पेमेंट कैसे किए गए. आरोप है कि इस पूरे मामले के चलते बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) को करीब 65.54 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. EOW इस मामले में कॉन्ट्रैक्टर्स, बिचौलियों और कुछ सिविक अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
डिनो के भाई की कंपनी का नाम भी आया
जांच के दौरान एक कंपनी का कनेक्शन डिनो मोरिया के परिवार से भी सामने आया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, UBO Ridez नाम की कंपनी को करीब 18 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे. इस कंपनी में डिनो मोरिया के भाई सैंटिनो मोरिया डायरेक्टर हैं.
किसने ट्रांसफर की थी रकम?
पुलिस के अनुसार, यह रकम मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल बताए जा रहे केतन कदम ने ट्रांसफर की थी. जांच एजेंसी इसी लेन-देन और इससे जुड़े कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है.
केतन कदम पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
इस मामले में केतन कदम को साल 2025 में गिरफ्तार किया जा चुका है. वह Vodar India LLP से जुड़ा बताया जाता है. जांच में यह भी सामने आया कि Vodar India LLP और UBO Ridez का मुंबई के वर्ली इलाके में फेमस स्टूडियो के पास एक ही पता था.
ED भी कर चुकी है डिनो से पूछताछ
डिनो मोरिया पहले भी इस मामले को लेकर जांच एजेंसियों के निशाने पर रह चुके हैं. पिछले साल जून में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके घर पर करीब 14 घंटे तक तलाशी ली थी. इसके अलावा मुंबई और कोच्चि में कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई थी. इनमें डिनो के भाई के घर और मामले से जुड़े कथित कॉन्ट्रैक्टर्स और बिचौलियों के ठिकाने शामिल थे.
एजेंसी कर रही जां-पड़तास
अब EOW की कार्रवाई के बाद एक बार फिर डिनो मोरिया का नाम इस कथित घोटाले को लेकर सुर्खियों में है. मामले में जांच जारी है और एजेंसी कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है.