Biswajit Chatterjee: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता बिस्वजीत चटर्जी ने अपने लंबे फिल्मी सफर से जुड़े कई दिलचस्प और अनसुने किस्से शेयर किए हैं. अपने दौर में रेखा के साथ फिल्माए गए चर्चित किसिंग सीन से लेकर संजय दत्त की डेब्यू फिल्म ‘रॉकी’ के टाइटल तक, बिस्वजीत ने कई पुरानी यादों को ताजा किया. उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने बिना कोई पैसे लिए ‘रॉकी’ का टाइटल सुनील दत्त को दे दिया था.
रेखा संग किसिंग सीन पर क्या बोले बिस्वजीत?
बिस्वजीत चटर्जी ने एएनआई से बातचीत में साल 1979 की फिल्म ‘दो शिकारी’ को याद किया. फिल्म में उनके और रेखा के बीच एक किसिंग सीन फिल्माया गया था. जिसे उस दौर में काफी चर्चा और विवाद का सामना करना पड़ा था. इतने साल बाद जब उनसे इस सीन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसे सीन को लेकर इतनी चर्चा नहीं होती.
क्या बोले बिस्वजीत?
बिस्वजीत ने कहा कि आज पर्दे पर किसिंग सीन कोई बड़ी बात नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि आज फिल्मों में दिखाए जाने वाले बेडरूम सीन देखकर उन्हें हैरानी होती है. यानी जिस सीन ने उनके दौर में इतना बवाल मचाया था, आज वह फिल्मी दुनिया के लिए काफी सामान्य हो चुका है.
विवाद के बाद रेखा से फिर हुई मुलाकात?
जब बिस्वजीत से पूछा गया कि क्या ‘दो शिकारी’ के किसिंग सीन को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने रेखा से दोबारा मुलाकात की थी, तो उन्होंने हां में जवाब दिया. उन्होंने बताया कि इसके बाद रेखा ने उनकी एक फिल्म में भी काम किया था.
किसिंग सीन के बाद बिस्वजीत-रेखा के रिश्ते पर असर?
बिस्वजीत ने बताया कि वह उस फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर थे और उन्होंने खुद रेखा से बात की थी. इस तरह पर्दे पर हुए विवाद का उनके और रेखा के रिश्ते पर कोई खास असर नहीं पड़ा था.
ऐसे संजय दत्त को मिला ‘रॉकी’ का टाइटल
बिस्वजीत ने संजय दत्त की पहली फिल्म ‘रॉकी’ से जुड़ा भी एक दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि ‘रॉकी’ टाइटल कभी उनके पास था. वह बतौर प्रोड्यूसर-डायरेक्टर अमिताभ बच्चन और रेखा के साथ एक फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे थे, जिसके लिए उन्होंने यह टाइटल लिया था. हालांकि, बाद में वह फिल्म नहीं बन सकी.
बेटे संजय को लॉन्च करने की तैयारी में थे सुनील दत्त
इसके बाद सुनील दत्त अपने बेटे संजय दत्त को बॉलीवुड में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे. उन्हें ‘रॉकी’ नाम पसंद आया और उन्होंने बिस्वजीत से यह टाइटल मांगा. बिस्वजीत ने बताया कि सुनील दत्त से उनका रिश्ता परिवार जैसा था. सुनील दत्त ने कहा था कि वह अपने बेटे के लिए फिल्म बना रहे हैं और ‘रॉकी’ नाम संजू बाबा पर खूब जचेगा.
कैसे संजू बाबा को मिला ‘रॉकी’ टाइटल?
बिस्वजीत ने बिना देर किए कहा, ‘अभी ले जाइए.’ जब सुनील दत्त ने टाइटल के बदले पैसे देने की बात की तो उन्होंने साफ कह दिया कि इसकी कोई जरूरत नहीं है. अगले ही दिन उन्होंने ‘रॉकी’ का टाइटल सुनील दत्त को दे दिया. यही फिल्म आगे चलकर संजय दत्त की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म बनी.