Amitabh Bachchan Co-star Tragic Death Story: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में लव अफेयर, शादी, शादी के बाहर अफेयर से लेकर एक्टर्स के एक्टिंग करियर चमकने और बर्बाद होने तक के कई किस्से हैं. इसके साथ ही इस इंडस्ट्री की कुछ सच्चाइयां ऐसी हैं, जिन पर यकीन करने का मन नहीं करता है. ऐसा ही एक दर्दनाक किस्सा आज हम आपको बताने वाले हैं, जो एक ऐसी चाइल्ड आर्टिस्ट के बारे में है, जिसने अमिताभ बच्चन से लेकर पृथ्वीराज सुकुमारन तक जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम किया. इस चाइल्ड आर्टिस्ट की शक्ल जितनी प्यारी थी, इसकी मौत उतनी ही दर्दनाक थी. चलिए आपको पूरा किस्सा विस्तार से समझाते हैं.
फेमस चाइल्ड आर्टिस्ट
हम जिस चाइल्ड आर्टिस्ट की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं, बल्कि फेमस ‘रसना गर्ल’ तरुणी सचदेव हैं. अपने 14वें जन्मदिन पर दुनिया को अलविदा कहने वाली तरुणी सचदेव ने अपने छोटे से करियर में एक से बढ़कर एक शानदार परफॉर्मेंस दी थीं, जिसके चलते आज भी वो लोगों के दिलों पर राज करती हैं.
ऐसे बनीं ‘रसना गर्ल’
तरुणी सचदेव का जन्म 14 मई 1998 को मुंबई में हुआ था. उनके पिता हरेश सचदेव एक इंडस्ट्रियलिस्ट हैं. तरुणी ने बाई अवबाई फ्रामजी पेटिट गर्ल्स हाई स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की. फिल्मों में कदम रखने से पहले तरुणी ने 50 से ज़्यादा ऐड फिल्मों में काम किया था. करिश्मा कपूर के साथ सॉफ्ट ड्रिंक कॉन्संट्रेट रसना के ऐड में काम करने के बाद तरुणी घर-घर में ‘रसना गर्ल’ के नाम से फेमस हो गईं.
फिल्मों में रखा कदम
तरुणी सचदेव ने साल 2004 में आई मलयालम फिल्म ‘वेलिनक्षत्रम’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा. इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म में तरुणी ने पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ काम किया. फिर इसी साल आई एक और मलयालम फिल्म ‘सत्यमान’ में भी तरुणी पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ बड़े पर्दे पर नजर आईं.
अमिताभ बच्चन चुराते थे जिस लड़की से नजरें
इसके बाद साल 2009 में अमिताभ बच्चन के करियर की सबसे यूनिक फिल्मों में से एक आई, जिसका नाम ‘पा’ था. अमिताभ बच्चन की इस फिल्म में तरुणी ने भी अहम किरदार निभाया था. फिल्म में तरुणी वही लड़की थीं, जिसके सामने आने या बुलाने पर अमिताभ बच्चन का किरदार ‘ओरो’ अपनी नजरें चुराकर इधर-उधर भाग जाता था. यहां भी तरुणी ने सभी का दिल जीत लिया.
प्लेन क्रैश में हुई मौत
अपने करियर में एक के बाद एक हिट फिल्में देने वाली नन्हीं तरुणी 14 मई 2012 को एक हादसे की शिकार हो गईं और महज 14 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. तरुणी की मौत न सिर्फ उनके साथ काम करने वालों और दोस्तों के लिए, बल्कि आम लोगों के लिए भी चौंकाने वाली और दिल तोड़ने वाली थी. वह अग्नि एयर के डोर्नियर पैसेंजर एयरक्राफ्ट में सवार 21 लोगों में से एक थीं, जो 14 मई 2012 को उत्तरी नेपाल के एक एयरपोर्ट पर लैंड करने की कोशिश में क्रैश हो गया था. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी.
मौत की भविष्यवाणी!
तरुणी की मौत के बाद उनकी सबसे करीबी दोस्तों में से एक, वृति मेंघराजानी ने NDTV को दिए एक इंटरव्यू में बताया, ‘नेपाल ट्रिप पर जाने से पहले, तरुणी ने अपने सभी दोस्तों को गले लगाया और उनसे कहा, “मैं तुम लोगों से आखिरी बार मिल रही हूं.” जब हमने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों कहा, तो वह हंसी और कहा कि वह सिर्फ मजाक कर रही थी. उसका मतलब था कि वह नेपाल और फिर बैंगलोर की एक महीने की यात्रा पर जाने से पहले उनसे आखिरी बार मिल रही थी.’