Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के ‘शहंशाह’ अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं. हर साल की तरह इस बार भी उनके मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ के बाहर फैंस का जबरदस्त हुजूम उमड़ा हुआ था. लेकिन शनिवार को फैंस से न मिल पाने की वजह से बिग बी ने अपनी ‘ईएफ फैमिली’ (Extended Family) से माफी मांगी है. बिग बी ने अपने ऑफिशियल ब्लॉग पर एक बेहद भावुक नोट शेयर करते हुए आज यानी संडे को जलसा गेट पर मिलने का वादा किया है.
ब्लॉग पर लिखा इमोशनल नोट
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर लिखा, “पूरी EF फैमिली से माफी चाहता हूं कि आपको ‘जलसा’ गेट पर इतनी देर इंतजार करना पड़ा और मैं बाहर नहीं आ सका. लेकिन दिन में थोड़ी देर बाद संडे मीट में मिलेंगे और खुद सामने आकर माफी मांगूंगा.”
40 सालों पुरानी संडे परंपरा
पिचले चार दशकों से भी ज्यादा समय से यह परंपरा चली आ रही है कि हर संडे बिग बी अपने बंगले ‘जलसा’ के गेट पर आकर फैंस से मिलते हैं और उनका धन्यवाद करते हैं. उनके जन्मदिन पर यह नजारा और भी ग्रैंड हो जाता है, जब देशभर से फैंस उनकी एक झलक पाने मुंबई पहुंचते हैं.
बर्थडे की शाम को बताया यादगार
बिग बी ने जन्मदिन की पूर्व संध्या को बेहद खास बताया. उन्होंने लिखा कि फैंस ने इस शाम को सरप्राइज और अपनापन से भर दिया. अकेलेपन में दबे सारे विचार इस यादगार शाम की वजह से बाहर आ गए, जो उनके दिल में हमेशा संजोकर रखने लायक हैं.
84 की उम्र में भी वही एनर्जी
84 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का अपने फैंस के प्रति डेडिकेशन और एनर्जी बिल्कुल अलग लेवल पर है. उनके 84वें जन्मदिन के मौके पर पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री, राजनीतिक हस्तियों और दुनिया भर के फैंस ने सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा दिया है.
संडे मीट का बेसब्री से इंतजार
शनिवार को भले ही फैंस को थोड़ी निराशा हाथ लगी हो, लेकिन बिग बी के संडे मीट वाले वादे ने फैंस के चेहरे पर फिर से मुस्कान ला दी है. आज दोपहर जलसा के बाहर अपने पसंदीदा सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस बेताब नजर आ रहे हैं.