Jailer 2 Advance Booking: साउथ सिनेमा के ‘थलाइवा’ रजनीकांत (Rajinikanth) अपनी मच-अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ (Jailer 2) के साथ सिनेमाघरों में धमाकेदार कमबैक करने के लिए तैयार हैं. फिल्म की रिलीज में अब बस कुछ ही घंटों का वक्त बचा है और थिएटर्स में बुकिंग को लेकर दर्शकों के बीच जो गदर मचा हुआ है, उसने बॉक्स ऑफिस के पुराने रिकॉर्ड्स हिलाकर रख दिए हैं. प्री-सेल्स के ये आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि रिलीज के पहले दिन ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा तूफान लाने वाली है.
पहले दिन की एडवांस बुकिंग रिपोर्ट
सैकनिल्क (Sacnilk) की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार दोपहर 1 बजे तक ‘जेलर 2’ के ओपनिंग डे के 14,706 शोज के लिए कुल 15.42 लाख टिकट बिक चुके हैं. इसके चलते फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों के 28.43 करोड़ रुपये और ब्लॉक सीटों के साथ 32.75 करोड़ रुपये का मोटा ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है.
शुरुआती 5 दिनों की तगड़ी कमाई
फिल्म के शुरुआती 5 दिनों की प्री-सेल की बात करें तो बुधवार दोपहर 1 बजे तक कुल 31.28 लाख टिकटों की एडवांस सेल हो चुकी है. इस बंपर बिक्री के साथ फिल्म ने ब्लॉक सीटों को मिलाकर 59.96 करोड़ रुपये और बिना ब्लॉक सीटों के 51.97 करोड़ रुपये छाप लिए हैं.
तमिल में बनाया ये बड़ा रिकॉर्ड
पहले दिन की प्री-सेल में 28.43 करोड़ रुपये की नेट/ग्रॉस कमाई के साथ ‘जेलर 2’ ने ‘जना नायकन’ (22.26 करोड़) और ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (24.5 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है. इसी के साथ यह कोविड के बाद तमिल सिनेमा की चौथी सबसे बड़ी प्री-सेल्स फिल्म बन गई है.
बीस्ट का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी
थिएटर्स में रिलीज के लिए बचे कुछ ही घंटों में उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म आसानी से 30 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी. ऐसा होते ही यह थलपति विजय की फिल्म ‘बीस्ट’ (31.75 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़कर तमिल की तीसरी सबसे बड़ी प्री-सेल्स ओपनर बन जाएगी.
फैंस में थलाइवा का वही पुराना क्रेज
पहली ‘जेलर’ की ऐतिहासिक कामयाबी के बाद अब सीक्वल को लेकर दर्शकों में जो जबरदस्त हाइप और एक्साइटमेंट दिख रहा है, उसने साबित कर दिया है कि रजनीकांत का स्टारडम आज भी अनबीटेबल है.